Uttar Pradesh Politics : लखनऊ में उत्तर प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक एक साथ नजर आए। दोनों नेताओं का एक ही छाते के नीचे चलते हुए वीडियो सामने आया है। केशव प्रसाद मौर्य ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा कि सभी को साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा और उत्तर प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए काम करना होगा।
सपा को अपना नाम बदलकर…
केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर विधानसभा में विपक्ष का काम सिर्फ हंगामा करना, शोर-शराबा करना और सदन की कार्यवाही में रुकावट डालना है, तो सपा को अपना नाम बदलकर ‘हल्ला-गुल्ला पार्टी’ रख लेना चाहिए।
समाधान और जवाबदेही के लिए चुना
डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन सदन की कार्यवाही को लगातार बाधित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने विधायकों को चर्चा, समाधान और जवाबदेही के लिए चुना है, न कि हंगामे और गतिरोध के लिए।
अब राम नाम का सहारा ले रहे
केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर धार्मिक मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही अब राम नाम का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भगवान श्रीराम सभी को सही दिशा दिखाएंगे।
धार्मिक नारे लगाने का बचा विकल्प
गौरतलब है कि केशव प्रसाद मौर्य पहले भी कई मौकों पर समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सपा को लेकर बयान दिया था कि पार्टी के पास अब सिर्फ धार्मिक नारे लगाने का विकल्प बचा है।
भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे
वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लगातार भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से जुड़े एक वीडियो को शेयर करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। अखिलेश यादव ने कहा था कि सरकार में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की वजह से जनता परेशान है।
अखिलेश यादव ने उठाए गंभीर मुद्दे
अखिलेश यादव ने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, छात्रों की समस्याओं, किसानों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी हमला बोला था। उन्होंने दावा किया था कि जनता आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
ये भी पढ़ें- E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हल्लाबोल, 100 समर्थकों के साथ PM आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने रोका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









