Rahul Gandhi : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को उस समय सवालों के घेरे में आ गए, जब उनसे दिल्ली पुलिस के घायल जवानों को लेकर सवाल पूछा गया. सवाल सुनते ही राहुल गांधी पत्रकार पर नाराज हो गए और उससे पूछा, “क्या आप बीजेपी से हैं?” इसके बाद वह बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
शुक्रवार को दिल्ली में उन पुलिसकर्मियों के परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जो 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान घायल हुए थे. परिजनों ने कहा कि अब तक सिर्फ यह दिखाया गया कि पुलिस ने छात्रों के साथ मारपीट की, जबकि घटना का दूसरा पक्ष भी सामने आना चाहिए.
प्रदर्शन के दौरान 180 पुलिसकर्मी हुए थे घायल
कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान किया था. प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन इसके लिए पुलिस से अनुमति नहीं ली गई थी. पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की. आरोप है कि भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद झड़प हुई. इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव भी हुआ. इस घटना में 5 आईपीएस अधिकारियों समेत 180 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि 60 प्रदर्शनकारी भी जख्मी हुए थे.
हेलमेट पूरी तरह टूट गया था
घायल सब इंस्पेक्टर के बेटे ने बताया कि उनके पिता के सिर में चार टांके लगे थे और उनकी वर्दी खून से लाल हो गई थी. इसके बावजूद उन्होंने अपने बेटे को दिलासा देते हुए कहा, “बेटा, कोई बात नहीं, चोट लगती रहती है.”
वहीं, एक एएसआई की पत्नी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान उनके पति पर पत्थर, जूते और गमलों से हमला किया गया था. उनका हेलमेट पूरी तरह टूट गया था, उन्होंने कहा कि यदि पत्थर सीधे सिर पर लग जाता, तो उनके पति की जान भी जा सकती थी.
ये भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे ने लिया संन्यास, लेकिन कप्तानी का ये रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









