Haryana

गुरुग्राम की ‘शादी वाली ठगी’ का खुलासा, तीन शादियां, केस और 18 लाख रुपये का खेल

Gurugram News : गुरुग्राम जिला पुलिस ने शादी के नाम पर कथित तौर पर ठगी करने वाली एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती पर आरोप है कि उसने तीन युवकों को शादी के जाल में फंसाया और बाद में उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न, प्रताड़ना और दुष्कर्म जैसे मामले दर्ज करवाए। मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस ने युवती वर्षा रानी समेत उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता और भिवानी निवासी कारोबारी संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि वर्षा रानी ने बिना कानूनी तलाक लिए तीन शादियां कीं। संदीप ने पुलिस को कई दस्तावेज और सबूत सौंपे, जिनके आधार पर कार्रवाई की गई।

पैतृक संपत्ति को नाम करने की मांग

संदीप के अनुसार, उसकी शादी वर्षा रानी से 27 जून 2023 को हुई थी। शादी के बाद उस पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया गया और पैतृक संपत्ति को उसके नाम करने की मांग की गई। आरोप है कि धीरे-धीरे उसे उसके माता-पिता और परिवार से दूर कर दिया गया।

पुराने मुकदमों और कोर्ट से जुड़े दस्तावेज

शिकायतकर्ता का दावा है कि अप्रैल 2025 में उसे वर्षा के पहले के मामलों की जानकारी मिली। उसने बताया कि एक दिन वर्षा अलमारी की चाबी घर पर भूल गई थी। अलमारी की जांच करने पर उसे पुराने मुकदमों और कोर्ट से जुड़े दस्तावेज मिले, जिसके बाद उसे पिछली शादियों के बारे में पता चला।

संदीप के मुताबिक, वर्षा पहले अंकित चौधरी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही और बाद में सचिन सिंह से शादी की। आरोप है कि कानूनी तलाक के बिना ही उसने संदीप से शादी की और पिछली जानकारियां छिपाईं।

झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्षा ने पहले भी अपने पतियों के खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण जैसे मामले दर्ज करवाए थे। संदीप ने दावा किया कि जब उसे इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो वर्षा ने उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

आरोप है कि डर के कारण संदीप ने फ्लैट के सौदे के नाम पर वर्षा को 18 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए दिए। इसके बाद जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो वर्षा के भाई दीपक ने जांच अधिकारी के सामने उसे जान से मारने की धमकी दी।

मां, पिता और भाइयों की भूमिका की जांच

संदीप ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने सेक्टर-61 स्थित उसके कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। वहां रखे करीब 2 लाख रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज और क्लाइंट से जुड़े कागजात ले जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की गई और मुख्य आरोपी वर्षा रानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, उसकी मां, पिता और दो भाइयों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मामले की गहनता से जांच जारी

सामाजिक कार्यकर्ता सुनीता नारायण भारद्वाज ने कहा कि वर्षा के खिलाफ पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।

ये भी पढ़ें- जापान में कुदरत का कहर, 7.1 भूकंप की तीव्रता से कांपी धरती, JMA ने जारी की एडवाइजरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button