Monsoon 2026 : उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार सुबह से कानपुर, प्रयागराज, मेरठ समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। प्रयागराज में दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। संगम क्षेत्र में भी तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिला, जहां नावें हिलती नजर आईं।
30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
अयोध्या और वाराणसी समेत प्रदेश के करीब 30 शहरों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। कुछ जगहों पर बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं वाराणसी, सोनभद्र समेत 9 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
चार नदियां खतरे के निशान से ऊपर
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर उत्तर प्रदेश की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। गंगा, यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। घाघरा और शारदा समेत चार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सोनभद्र में कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद इसके तीन गेट खोल दिए गए हैं।
कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने
बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराजों से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदियों का पानी आसपास के गांवों में पहुंचने लगा है। सीतापुर, पीलीभीत और लखीमपुर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कुछ क्षेत्रों में पानी के साथ बहकर आए मगरमच्छ रिहायशी इलाकों तक पहुंचने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
अयोध्या में सरयू नदी के किनारे कटान
बागपत और नोएडा में हिंडन नदी, बदायूं में गंगा, गोंडा और बलिया में घाघरा जबकि कुशीनगर में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर बना हुआ है। वहीं बस्ती और अयोध्या में सरयू नदी के किनारे कटान तेज हो गया है, जिससे कई पेड़ नदी के तेज बहाव में गिर गए हैं।
बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली
प्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में तुरंत पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली से प्रभावित लोगों तक समय पर मदद पहुंचाई जाए और हालात पर लगातार नजर रखी जाए।
ये भी पढ़ें- ईरान-अमेरिका तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- चीन और रूस नहीं देंगे तेहरान को हथियार, नहीं तो अंजाम बुरा होगा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








