Delhi NCR

जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस की कड़ी किलाबंदी, सड़क में गाड़ी गईं लोहे की कीलें

Jantar Mantar Protest : देश की राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है. प्रदर्शन स्थल के ठीक सामने पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त बना दिया है. संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में ऐसी बैरिकेडिंग की गई है, जिसे आसानी से हटाना संभव नहीं है.

पुलिस ने सड़क पर लोहे की मोटी शीट्स को बड़ी कीलों और पेंचों की मदद से मजबूती से फिक्स किया है. इन्हीं शीट्स से बैरिकेड्स को जोड़ा गया है, ताकि उन्हें हिलाया या हटाया न जा सके. इसके अलावा बैरिकेड्स को आपस में लोहे की चेन और रस्सियों से बांधा गया है, जिससे किसी एक बैरिकेड को अलग करना भी मुश्किल हो गया है.

संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

जंतर-मंतर और संसद मार्ग के बीच पूरे इलाके को कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था से घेर दिया गया है. मौके पर कम से कम छह से सात लेयर में बैरिकेडिंग की गई है. पुलिस का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति में प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है.

दिल्ली पुलिस के जॉइंट सीपी विजय सिंह भी अपनी टीम के साथ संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए, उन्होंने कहा कि फिलहाल हालात सामान्य हैं. बैरिकेडिंग के नए तरीके को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी जरूरी सुरक्षा उपाय हैं, उन्हें सक्षम अधिकारियों की ओर से लागू किया जा रहा है.

बैरिकेडिंग को पीछे खिसकाया नहीं जा सकेगा

बता दें कि करीब से देखने पर बैरिकेडिंग तीन अलग-अलग लेयर में नजर आती है. लोहे के एंगल और बड़ी कीलों की मदद से इन्हें सीधे सड़क में गाड़ा गया है. कुछ स्थानों पर कीलें मुड़ने के बावजूद उन्हें मजबूती से फिट किया गया है, ताकि उन्हें पीछे खिसकाया न जा सके.

जंतर-मंतर के बाहर पुलिस की यह सुरक्षा व्यवस्था साफ तौर पर बताती है कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

ये भी पढ़ें- पंजाब में 10 लाख नए राशन कार्ड का ऐलान, 22 जुलाई से शुरू आवेदन, परिवारों के लिए बड़ी राहत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button