MP News : मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिला अस्पताल से एक वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. वायरल वीडियो में जहर खाने वाले एक नाबालिग मरीज के इलाज के दौरान गैस्ट्रिक ट्यूब के जरिए मिनरल वाटर की बोतल का इस्तेमाल होता दिखाई दे रहा है. मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, डिंडोरी के सिविल लाइन क्षेत्र निवासी नाबालिग सत्यम ने अज्ञात कारणों से चूहा मारने वाली जहरीली दवा खा ली थी. उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था.
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
इलाज के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें मरीज के पेट की सफाई के लिए गैस्ट्रिक ट्यूब के साथ सामान्य मिनरल वाटर की बोतल का इस्तेमाल होता दिखाई दे रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं.
हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है.
CMHO ने क्या कहा?
डिंडोरी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि मरीज का पेट साफ करने के लिए सामान्य पानी का इस्तेमाल किया गया था, जबकि मेडिकल नियमों के अनुसार ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था, उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, उन्होंने कहा कि यदि इलाज मेडिकल मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी विवादों में रहा है जिला अस्पताल
बता दें कि डिंडोरी जिला अस्पताल पहले भी अव्यवस्थाओं, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और लापरवाही के आरोपों को लेकर चर्चा में रहा है. आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण यहां दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में वायरल वीडियो ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है.
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर, पुंछ-किश्तवाड़ में बादल फटे, 10 की मौतें, 150 से अधिक गाड़ियां बहीं
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









