Delhi NCR Weather Today : दिल्ली-NCR में सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं और रात में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार (23 जुलाई) को भी राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है. विभाग के मुताबिक, अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
IMD के अनुसार, बुधवार (22 जुलाई) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है. इस दौरान हवा में अधिकतम नमी 100 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 68 प्रतिशत दर्ज की गई.
बुधवार को चलीं तेज हवाएं
बुधवार को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई. इसके साथ ही आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिला. हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम ठंडा बना रहा. पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, जबकि अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान पूर्वी हवाएं 15 से 20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं. वहीं, पालम में दोपहर 2 बजे हवा की अधिकतम गति 33 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने गुरुवार (23 जुलाई) को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. सुबह से दोपहर के बीच एक-दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद दिन में फिर से हल्की बारिश होने की संभावना है. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पूर्वी हवाएं 10 से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें- पटना में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, प्रदर्शन के दौरान चले लाठी-डंडे और पत्थर, कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









