Sikkim Tunnel Accident : सिक्किम के नामची जिले के समारदुंग क्षेत्र में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है. जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक 8 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. सुरंग के भीतर अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के अंदर मीथेन गैस की मात्रा अधिक होने के कारण बचाव कार्य बेहद कठिन हो गया है. जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की वजह से एनडीआरएफ समेत बचाव दलों को कई बार ऑपरेशन बीच में ही रोकना पड़ा. पश्चिम बंगाल से विशेष गैस-प्रोटेक्टिव उपकरणों से लैस विशेषज्ञ टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है.
गैस मास्क से चल रहा ऑपरेशन
जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि जब तक बचाव दल सुरंग के भीतर फंसे लोगों तक नहीं पहुंच जाता, तब तक सुरंग में फंसे लोगों की संख्या का अनुमान नहीं लगाया जा सकता है. सुरक्षाकर्मी गैस मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से ऑपरेशन चला रहे हैं. वहीं, एम्बुलेंस और चिकित्सा दल भी मौके पर मौजूद हैं, उन्होंने बताया कि शुरुआत में रेस्क्यू के लिए गए तीन लोगों में से एक की हालत अधिक खराब हो गई थी, जिन्हें तुरंत रंगपो सीएचसी में भर्ती कराया गया है.
गैस निकालते वक्त हुआ धमाका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुरंग के द्वारमार्ग से करीब 1.5 किलोमीटर अंदर मीथेन गैस एकत्रित हो गई थी. गैस को बाहर निकालने की कोशिश के दौरान विस्फोट हुआ या विस्फोट जैसी स्थिति बन गई, जिससे भूस्खलन हुआ और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया.
विस्फोट के दौरान 8 लोगों की मौत हो गई. कुछ मजदूर समय रहते बाहर निकल आए, जबकि कई लोगों के अभी भी सुरंग में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. गैस लीकेज और ऑक्सीजन की कमी के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद कठिन हो गया है.
घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम, एसडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. गैस का स्तर नियंत्रित होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें – दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









