UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. बंगाल की खाड़ी पर बने सिस्टम के असर से उत्तर भारत में मानसून दोबारा सक्रिय होता दिखाई दे रहा है. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. वहीं, 19 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, हालांकि इन इलाकों के लिए किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.
दिनभर आसमान में छाए रहेंगे बादल
राजधानी लखनऊ में सुबह से ही बादलों का असर देखने को मिल रहा है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
35 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सीतापुर, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, कानपुर, हरदोई, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, वाराणसी और चंदौली समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं
इसके अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और मैनपुरी के साथ आसपास के इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है. हालांकि इन जिलों के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में मेघ गर्जन, वज्रपात और भारी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. प्रदेश में 22 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलें बरामद, नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









