Faridabad Student Suicide : फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रेजिडेंसी में एक 18 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने कथित तौर पर 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही भूपानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 18 वर्षीय दानविता के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रेजिडेंसी में रहती थी। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच यह घटना हुई।
NEET में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं आने से थी परेशान
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दानविता ने NEET परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन उसे अपेक्षा के अनुसार अंक नहीं मिले थे। इसी बात को लेकर वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। परिजनों के अनुसार, इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आई जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विजयवाड़ा का रहने वाला है परिवार
जानकारी के अनुसार, छात्रा का परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा का रहने वाला है और काफी समय से फरीदाबाद में रह रहा था। छात्रा के पिता कटेश्वर जेसीबी कंपनी में एक पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय छात्रा की मां विजयवाड़ा गई हुई थीं, जबकि वह घर पर अकेली थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद भूपानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान में NEET परीक्षा में कम अंक आने के बाद तनाव की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और विशेषज्ञों की मदद लें।
ये भी पढ़ें- शादी की बारात के लिए बुक कर सकते हैं पूरी ट्रेन या कोच, जानिए रेलवे की FTR सेवा का पूरा तरीका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









