Uttar Pradeshराज्य

वाराणसी में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते GST डिप्टी कमिश्नर अंबिका रंगे हाथ गिरफ्तार

UP News : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि उन्होंने टैक्स रिफंड और फाइल के निस्तारण के बदले एक व्यापारी से रिश्वत की मांग की थी. इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के बजरडीहा निवासी अजय कुमार मौर्य एक कंपनी के निदेशक हैं, उन्होंने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी की फाइल के निस्तारण और फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न से जुड़े मामले में उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई है.

रेस्टोरेंट में बुलाकर बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई के लिए योजना बनाई. टीम ने जीएसटी डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को चेतगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया. जैसे ही उन्होंने कथित रूप से रिश्वत की रकम ली, विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया.

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, डिप्टी कमिश्नर को शाम करीब 6 बजे गिरफ्तार किया गया. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में विजिलेंस टीम द्वारा अधिकारी को गिरफ्तार करते हुए देखा जा रहा है. इस दौरान अधिकारी की ओर से विरोध जताने की बात भी सामने आई है.

फिलहाल मामले की जांच जारी है. विजिलेंस टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. इस घटना के बाद वाराणसी में जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलें बरामद, नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button