Haryana

Haryana ACB : 45 हजार की रिश्वत लेते JE और बेलदार गिरफ्तार, ACB ने ऐसे बिछाया जाल

Haryana ACB : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, यमुनानगर के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और विभाग के बेलदार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 45 हजार रुपये की रिश्वत के साथ ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।

धारा-7 के तहत दर्ज किया मामला

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंचाई विभाग यमुनानगर में तैनात JE सौरभ कुमार और बेलदार करमजीत के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ SV&ACB थाना पंचकूला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत

ब्यूरो के अनुसार, एक ठेकेदार ने शिकायत दी थी कि उसने सिंचाई विभाग में काम से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर दी थीं, लेकिन इसके बावजूद उसके लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि JE सौरभ कुमार ने भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी रिश्वत

शिकायत में यह भी बताया गया कि JE ने फोन के जरिए ठेकेदार से संपर्क किया और रिश्वत की रकम अपने साथ कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी मांगी। इसके बाद रिश्वत की राशि लेने के लिए विभाग के बेलदार करमजीत को भेजा गया।

ACB टीम ने दोनों को दबोचा

शिकायत मिलने के बाद SV&ACB ने मामले की जांच की और रिश्वत पकड़ने के लिए योजना बनाई। तय कार्रवाई के तहत ठेकेदार ने 45 हजार रुपये बेलदार करमजीत को दिए। करमजीत ने यह रकम JE सौरभ कुमार तक पहुंचाई, तभी मौके पर मौजूद ACB टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। SV&ACB ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और रिश्वत मांगने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें- लद्दाख में बाइकर्स पर बड़ी कार्रवाई, ऑफ-रोडिंग पड़ी भारी… लाखों का जुर्माना!

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button