Prayagraj News : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक ने अपने ससुराल के बाहर बमबाजी कर दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
यह घटना करेली थाना क्षेत्र के जीटीबी नगर की है. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में आरोपी अपने साथियों के साथ ससुराल पहुंचता है और घर के बाहर एक के बाद एक तीन बम फोड़कर मौके से फरार हो जाता है.
आठ साल पहले की थी शादी
जानकारी के मुताबिक, राजा नाम के युवक ने आठ साल पहले नजमा बेगम से घर से भागकर शादी की थी. कुछ समय बाद नजमा अपने मायके लौट आई. बताया जा रहा है कि राजा अपनी पत्नी के बारे में पूछने के लिए ससुराल पहुंचा था. इस दौरान उसकी नजमा की मां से कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
आरोप है कि विवाद के बाद राजा, उसका भाई बबलू और फैसल नाम का युवक घर के बाहर आए और नजमा के घर के बाहर लगातार तीन बम फोड़े. धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
सूचना मिलने पर करेली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






