Haryana

कनाडा में फतेहाबाद के युवक की मौत, झील में बोटिंग के दौरान हुआ हादसा

Haryana News : कनाडा में झील में बोटिंग के दौरान हुए हादसे में फतेहाबाद के 23 वर्षीय युवक कमल सोनी की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, फतेहाबाद के लाजपत नगर निवासी कमल सोनी दिसंबर 2023 में उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था। वह ओंटारियो प्रांत में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

बोटिंग के दौरान अचानक पानी में डूबा

3 जुलाई 2026 को कमल अपने दोस्तों के साथ झील में बोटिंग करने गया था। इसी दौरान वह अचानक पानी में डूब गया। दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद कनाडा प्रशासन की ओर से जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

फतेहाबाद में पिता करते हैं ज्वेलरी का काम

कमल के पिता राकेश कुमार सोनी फतेहाबाद में ज्वेलरी का काम करते हैं। परिवार में उसका एक छोटा भाई है, जो बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि दो बड़ी बहनें भी हैं। कमल की अचानक मौत से माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पढ़ाई के लिए स्टडी वीजा पर गया था कनाडा

परिजनों के अनुसार, कमल कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई के लिए स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। वह अगस्त में भारत लौटने की तैयारी कर रहा था। परिवार से मिलने और उन्हें सरप्राइज देने की उसकी योजना थी, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।

सांसद कुमारी सैलजा को दी जानकारी

परिवार अब कमल के शव को भारत लाने की कोशिशों में जुटा है। इसके लिए परिजनों ने स्थानीय नेताओं से भी मदद मांगी है। फतेहाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा के माध्यम से सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा को मामले की जानकारी दी गई।

शरीर को भारत लाने में मदद करने का अनुरोध

इसके बाद सांसद कुमारी सैलजा ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर विदेश मंत्रालय, कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग और संबंधित अधिकारियों से कमल के पार्थिव शरीर को भारत लाने में मदद करने का अनुरोध किया है।

ये भी पढ़ें- दुनिया में फिर बढ़ा भारत का मान, PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button