
NEET Student Suicide : नीट पेपर लीक होने के बाद अब तक कई छात्रों ने सदमे में आकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली है। इसी कड़ी में राजस्थान के सीकर से एक ऐसी ही खबर सामने आ रही है जहां एक 22 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। बता दें कि सीकर में एक महीने के अंदर यह दूसरी घटना है जहां नीट छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, मृत छात्र झुंझुनू जिले का निवासी था। वह 21 जून को दोबारा होने वाले नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इस बार उसका तीसरा प्रयास था, लेकिन मई में हुए पेपर लीक के बाद वह काफी गहरे सदमे में था। डॉक्टर का सपना देखने वाले यह छात्र अभी सोमवार को ही अपने मां के पैतृक गांव से वापस लौटा था।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट
इस घटना में पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें छात्र ने लिखा है कि, मैं बहुत दूर जा रहा हूं, लेकिन कहां जा रहा हूं ये पता नहीं। सॉरी…
किराए के फ्लैट में रहता था मृत छात्र
मृत छात्र के बारे में जानकारी सामने आई है कि वह सीकर में किराए के फ्लैट में रहता था। उसके पिता मुंबई में काम करते हैं और बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्होंने सीकर में किराए का फ्लैट लिया था। छात्र के आत्महत्या की जानकारी तब लगी जब उसके भाई-बहन घर वापस आए। इस दौरान उन्होंने पाया कि छात्र फंदे से लटका हुआ है।
इसी महीने एक और छात्र ने की थी आत्महत्या
बता दें कि इसी महीने इससे पहले भी एक 22 वर्षीय नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने आत्महत्या की थी। गौर करने वाली बात यह है कि वह भी इस बार तीसरी बार नीट की परीक्षा देने वाला था। उसके परिवार वालों ने बताया था कि 12 मई को परीक्षा रद्द होने के बाद से वह गहरे सदमे और तनाव में था।
12 मई को रद्द हुआ था पेपर
उल्लेखनीय है कि इस साल 3 मई को देशभर के 551 शहरों में लगभग 22.7 लाख छात्रों ने नीट की परीक्षा दी थी। लेकिन बाद में केंद्रीय जांच एजेंसियों को पता चला था कि पेपर 1 मई को ही मोबाइल फोन पर लीक हो चुके हैं जिसके बाद 12 मई को इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।
ये भी पढ़ें – ओवैसी ने UP चुनाव को लेकर भरी हुंकार, बाबू सिंह कुशवाहा के साथ गठबंधन का किया ज़िक्र
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








