
Punjab News : पटियाला पुलिस ने गैंगस्टरों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूटपाट और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अवैध हथियार और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि डीजीपी पंजाब गौरव यादव के दिशा-निर्देशों के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एसपी (हेडक्वार्टर) वैभव चौधरी, डीएसपी (डिटेक्टिव) सुखअमृत सिंह रंधावा और सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बाजवा की टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अरशदीप सिंह निवासी रसूलपुर सैदा, जतिंदर गुप्ता निवासी गोपाल कॉलोनी पटियाला, यशवैद उर्फ योद्धा निवासी संगरूर रोड पटियाला, अभिषेक निवासी गांव सिहसर (जींद, हरियाणा) और अखिल अहमद निवासी ऋषि कॉलोनी पटियाला के रूप में हुई है।
एसएसपी ने बताया कि 14 जून को सीआईए पटियाला की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ये व्यक्ति किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साधू बेला रोड के पास एक सुनसान स्थान पर छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से बरामद हथियार
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 5 पिस्तौल .32 बोर, 4 पिस्तौल .315 बोर, एक .32 बोर रिवॉल्वर तथा कुल 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में थाना अर्बन एस्टेट में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। ये आरोपी पहले जेल भी जा चुके हैं और जेल में रहने के दौरान पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों के नशा एवं हथियार तस्करों के संपर्क में आए थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी यशवैद उर्फ योद्धा ने जेल से बाहर आने के बाद अपने एक साथी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर हथियारों की यह खेप मंगवाई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन हथियारों का इस्तेमाल गैंगवार और विरोधी पक्ष के लोगों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया जाना था।
हवाला कनेक्शन की भी जांच
एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हथियारों की खरीद के लिए पैसों का लेन-देन हवाला या किसी अन्य अवैध वित्तीय माध्यम से किया गया था या नहीं। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अप्रिय घटना को होने से पहले ही टाल दिया गया है।
ये भी पढ़ें – “खान सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक ने मेरे भाई की हत्या करवाई है” रौशन आनंद का बड़ा आरोप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









