स्वास्थ्य

भारत में महिलाओं पर बढ़ रहा बीमारियों का असर, पुरुषों की तुलना में अधिक दर्ज हुए स्वास्थ्य संबंधी मामले

Women Health : भारत में बीमारियों का बोझ लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है और इसका प्रभाव महिलाओं पर पुरुषों की अपेक्षा अधिक देखा गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण कार्यालय (एनएसएसओ) के स्वास्थ्य एवं जीवन स्थितियों से जुड़े ताजा आंकड़ों में महिलाओं में बीमारियों की दर पुरुषों के मुकाबले अधिक दर्ज की गई है.

सर्वेक्षण के अनुसार हड्डियों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं, उच्च रक्तचाप, थायरॉयड संबंधी विकार तथा विभिन्न प्रकार के संक्रमण महिलाओं में अधिक पाए गए. दूसरी ओर, पुरुषों में सीने के दर्द से जुड़े हृदय रोगों और शारीरिक चोटों के मामले अपेक्षाकृत ज्यादा सामने आए.

महिलाओं में बीमारी के ज्यादा मामले

आंकड़ों के मुताबिक सर्वेक्षण से पहले के 15 दिनों के दौरान बीमारी की शिकायत करने वालों की संख्या महिलाओं में अधिक रही. प्रति एक लाख आबादी पर पुरुषों में 13,504 बीमारी के मामले दर्ज किए गए, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा 17,006 रहा. इससे स्पष्ट होता है कि महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना अधिक करना पड़ रहा है.

हृदय रोग के अधिक मामले

हृदय रोगों से जुड़े मामलों में भी महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक दर्ज की गई. प्रति एक लाख आबादी पर पुरुषों में 3,523 और महिलाओं में 4,273 मामले दर्ज हुए.

वहीं, मानसिक और न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के आंकड़े भी ध्यान खींचते हैं. अवसाद, तनाव, चिंता और तंत्रिका तंत्र से संबंधित समस्याएं महिलाओं में पुरुषों की तुलना में अधिक दर्ज की गईं.

सर्दी-जुकाम के मामले लगभग समान

वहीं श्वसन संबंधी रोगों के मामलों में दोनों वर्गों के बीच बड़ा अंतर नहीं देखा गया. ऊपरी श्वसन तंत्र संक्रमण, सर्दी-जुकाम और गले से जुड़ी समस्याओं के मामले पुरुषों और महिलाओं में लगभग समान स्तर पर दर्ज किए गए. सर्वेक्षण के आंकड़े बताते हैं कि कुछ मौसमी और संक्रामक बीमारियां लिंग के आधार पर उल्लेखनीय अंतर नहीं दिखाती हैं.

ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button