स्वास्थ्य

केरल के कोझिकोड में 45 वर्षीय व्यक्ति में निपाह वायरस की पुष्टि, 77 संपर्कों की पहचान और निगरानी शुरू

Nipah Outbreak in Kerala : केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस का एक नया मामला सामने आया है. स्वास्थ्य विभाग की जांच में 45 वर्षीय व्यक्ति में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है. मामला सामने आते ही प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए संपर्क में आए लोगों की पहचान और निगरानी शुरू कर दी है. मरीज का इलाज फिलहाल कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.

जानकारी के अनुसार, अब तक मरीज के संपर्क में आए 77 लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से किसी में भी निपाह वायरस के लक्षण नहीं पाए गए हैं. इनमें 14 लोग मरीज के परिवार से, 5 दोस्त और सहकर्मी तथा 58 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं. अधिकारियों ने इनमें से 15 लोगों को उच्च जोखिम वाली श्रेणी में रखा है.

1999 में मलेशिया–सिंगापुर में पहला मामला

निपाह वायरस एक जूनोटिक संक्रमण है, जो जानवरों से इंसानों में फैलता है. इसका मुख्य स्रोत फल खाने वाले चमगादड़ माने जाते हैं. यह वायरस पहली बार 1999 में मलेशिया और सिंगापुर में सामने आया था और इसके बाद भारत, बांग्लादेश सहित कई देशों में समय-समय पर इसके मामले दर्ज किए गए हैं.

मरीजों की देखभाल में अधिक संक्रमण खतरा

यह संक्रमण कई तरीकों से फैल सकता है, जैसे चमगादड़ की लार, पेशाब या मल से दूषित फल खाने से, ऐसे कच्चे खजूर के रस से जो चमगादड़ों के संपर्क में आया हो, संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने से या फिर संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थों के संपर्क में आने से. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार मरीजों की देखभाल करने वाले लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है.

निपाह से मृत्यु दर 40 से 75 प्रतिशत तक

संक्रमण के लक्षण आमतौर पर 4 से 14 दिनों के भीतर दिखाई देते हैं. शुरुआती दौर में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं. गंभीर मामलों में यह संक्रमण दिमाग तक पहुंचकर सूजन पैदा कर सकता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार निपाह वायरस से मृत्यु दर 40 से 75 प्रतिशत तक हो सकती है.

ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर 67,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दीं- कुलतार सिंह संधवां

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button