Khan Sir Surrender : चर्चित शिक्षक खान सर ने शनिवार (06 जून, 2026) को पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. खान सर के वकील की ओर से इस बात की पुष्टि की गई है कि वे कोर्ट परिसर के अंदर पेश हुए. माना जा रहा था कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन इसके बजाय उन्होंने खुद अदालत में सरेंडर करने का रास्ता चुना.
यह मामला पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित उनके कोचिंग संस्थान के बाहर मंगलवार रात हुई गोलीबारी और हंगामे से जुड़ा है. इस घटना के बाद कदुमकआं थाने में केस दर्ज किया गया था. जांच के दौरान खान सर के अंगरक्षकों के बयान में यह दावा सामने आया कि उन्होंने कथित तौर पर खान सर के निर्देश पर गोली चलाई थी. इसी आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
भारी पुलिस बल की तैनाती
इस पूरे घटनाक्रम के बीच शुक्रवार शाम से ही कोचिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था. हालात को देखते हुए यह अंदेशा जताया जा रहा था कि किसी भी समय गिरफ्तारी हो सकती है, हालांकि देर रात तक पुलिस उन्हें हिरासत में नहीं ले सकी.
बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी
उधर, कोचिंग सेंटर के बाहर रातभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा. बड़ी संख्या में छात्र वहां मौजूद रहे, जबकि पुलिस की कई टीमें अलग-अलग समय पर मौके पर पहुंचती रहीं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए गए और लाउडस्पीकर के जरिए छात्रों से अपील की जाती रही कि वे वहां से हटकर अपने घर लौट जाएं, लेकिन भीड़ बनी रही.
अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद दो कोचिंग संस्थानों के बीच का बताया जा रहा है. इस मामले में दूसरे कोचिंग संस्थान (ज्ञान बिंदु) के संचालक रौशन आनंद और दो अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, इस प्रकरण में खान सर के दो अंगरक्षकों को भी हिरासत में लिया गया है. अब तक कुल मिलाकर इस मामले में पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं.
ये भी पढ़ें- लोनधारकों के लिए बड़ी खबर, RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, महंगाई बढ़ने की जताई आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









