विदेश

सीजफायर पर खतरे के बादल, अमेरिका ने ईरानी ड्रोन और रडार ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया

US-Iran Tensions : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य की दिशा में भेजे गए चार ईरानी वन-वे अटैक ड्रोन को मार गिराया है. अमेरिकी सैन्य कमान CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की.

CENTCOM के अनुसार, ये ड्रोन क्षेत्र में समुद्री यातायात के लिए तत्काल खतरा पैदा कर रहे थे. बयान में कहा गया कि इसके बाद अमेरिकी बलों ने आगे संभावित हमलों को रोकने के उद्देश्य से गोरुक और केशम द्वीप स्थित ईरानी तटीय निगरानी रडार ठिकानों को निशाना बनाया. CENTCOM ने यह भी कहा कि अमेरिकी बल सतर्क हैं और आत्मरक्षा में किसी भी हमले का जवाब देने के लिए तैयार हैं.

संघर्षविराम के बाद बढ़ा तनाव

वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, संघर्षविराम लागू होने के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई मानी जा रही है. ऐसे समय में यह घटना सामने आई है जब पहले से ही नाजुक बने हुए सीजफायर पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं.

IRIB ने जताई हमले की आशंका

इस बीच, ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB ने दक्षिणी ईरान के सिरिक क्षेत्र में संदिग्ध धमाकों की सूचना दी है. IRIB के अनुसार, स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 2:30 बजे कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. हालांकि, इन धमाकों की वजह या उनसे जुड़ी किसी अन्य जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

युद्ध खत्म करने के दबाव में ट्रंप

उधर, अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर युद्ध समाप्त करने का दबाव बना हुआ है. NBC News को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास अभी भी सैन्य क्षमता मौजूद है, उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब भी मिसाइलें और ड्रोन हैं तथा उनके अनुमान के अनुसार ईरान के लगभग 21 से 22 प्रतिशत मिसाइल भंडार अभी भी शेष हैं.

ये भी पढ़ें- लोनधारकों के लिए बड़ी खबर, RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, महंगाई बढ़ने की जताई आशंका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button