Uttar Pradeshक्राइमराज्य

छाती की पसलियां चकनाचूर, गर्दन की टूटी हड्डी,  आरव के अंदरूनी चोटों से कांप उठे डॉक्टर

UP News : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में हुए चर्चित आरव हत्याकांड में रविवार को मासूम के शव का पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टरों की जांच में जो कड़वी सच्चाई सामने आई है, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी विराज की बर्बरता के कारण डेढ़ साल के मासूम आरव के सिर और छाती की सभी हड्डियां पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थीं।

पहली ही पटक में बेहोश हो गया था मासूम

पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार, चोटों की तीव्रता इतनी भयानक थी कि जब आरोपी ने बच्चे को पहली बार हवा में उछालकर पक्की सड़क पर दे मारा, तभी आरव की खोपड़ी (स्कैल्प) के सभी जोड़ खुल गए थे और वह तुरंत बेहोश हो गया था। इसके बाद दूसरी या तीसरी पटक में ही उसकी मौत हो गई होगी।

हैरान करने वाली बात यह रही कि बच्चे के शरीर पर बाहर से कोई खुली चोट या खून बहने का निशान नहीं था। आरोपी ने उसे इस कदर बेरहमी से पटका कि बाहर जख्म दिखने के बजाय उसके शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भारी तबाही मची और उसकी गर्दन की हड्डी भी पूरी तरह टूट गई। हालांकि, उसके हाथ-पैरों में फ्रैक्चर का कोई निशान नहीं मिला है। पुलिस इस पोस्टमार्टम रिपोर्ट को अदालत में सबसे मजबूत वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में पेश करेगी।

आरोपी को 14 दिन की न्यायिक रिमांड

एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड की निष्पक्ष और त्वरित जांच के लिए शिकोहाबाद के इंस्पेक्टर अनुज कुमार को जांच अधिकारी (आईओ) नियुक्त किया गया है। वहीं, रविवार को रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक की 14 दिन की न्यायिक रिमांड मंजूर कर ली है। जांच टीम अब वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को कानूनी रूप से मजबूत करने में जुट गई है।

मुठभेड़ में घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती

शनिवार रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी विराज के दोनों पैरों में गोली लगी थी, जिसके घाव काफी गहरे हैं। सुरक्षा कारणों से उसे जिला अस्पताल फिरोजाबाद में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को आरोपी के पैरों का एक्सरे कराया जाएगा, जिसके बाद ही डॉक्टर यह तय करेंगे कि उसका इलाज यहीं जारी रहेगा या उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उसे जेल भेजा जाएगा।

गोपनीयता के साथ शिफ्ट किया गया हत्यारा

मासूम की बेरहम हत्या को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। लोगों के गुस्से और संभावित हमले को देखते हुए पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। शनिवार रात मुठभेड़ के बाद आरोपी को पहले संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद ले जाया गया था, लेकिन वहां बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस ने देर रात बेहद गुपचुप तरीके से उसे फिरोजाबाद जिला अस्पताल में शिफ्ट कर दिया ताकि कानून-व्यवस्था न बिगड़े।

क्या थी पूरी वारदात?

दरअसल, मूल रूप से अरांव निवासी रती देवी की शादी फरवरी 2024 में बदायूं निवासी सुमित कुमार से हुई थी, लेकिन अनबन के कारण वह पांच महीने से अपने मायके में रह रही थीं। इसी बीच सुमित के फुफेरे भाई विराज (निवासी शेखूपुर, बदायूं) ने रती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे रती ने ठुकरा दिया।

शनिवार को रती अपनी मां के साथ कानूनी राय लेने शिकोहाबाद आई थीं। तभी आरोपी विराज भी वहां पहुंच गया और मासूम आरव को टॉफी दिलाने के बहाने बाहर ले गया। घर से महज 50 मीटर दूर सुनसान सड़क पर उसने रती से शादी करने की जिद पूरी न होने के प्रतिशोध में मासूम को 27 सेकंड के भीतर लगातार 8 बार पक्की सड़क पर पटका। बच्चे की मौत के बाद वह शव को दरवाजे पर फेंककर भाग गया था। यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी।

ये भी पढ़ें – NEET पेपर लीक पर संसदीय समिति की अहम बैठक, परीक्षा प्रणाली में बदलाव पर होगा मंथन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button