
Up News : नौतपा की भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे। इस आपदा में प्रदेश भर में अब तक 28 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
गांव और शहरों में भारी नुकसान
तेज आंधी के कारण कई जगह कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं, टिनशेड उड़ गए और सैकड़ों पेड़ गिर पड़े। कई जिलों में बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
जिलों में मौतों का आंकड़ा बढ़ा
रायबरेली में टिनशेड के नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई। अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। बुंदेलखंड में सबसे ज्यादा 10 मौतें दर्ज की गईं, जबकि कौशांबी, प्रतापगढ़, देवरिया, मथुरा, उन्नाव समेत कई जिलों में भी जानमाल का नुकसान हुआ है।
बारिश और तापमान में बड़ी गिरावट
प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे चला गया। मिर्जापुर में 100 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि अयोध्या, प्रयागराज, उन्नाव और सिद्धार्थनगर में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। कई जिलों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली।
रेल और बिजली व्यवस्था प्रभावित
कानपुर-मुंबई रेलमार्ग पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन टूटने से ट्रेनों का संचालन घंटों बाधित रहा। गोरखपुर में रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से कई ट्रेनें फंस गईं और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 46 जिलों में आंधी-तूफान और 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगह 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
सरकार ने दिए राहत और बचाव के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, बारिश और तेज हवाओं से गर्मी का असर हुआ कम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









