Motihari Student Suicide : बिहार के मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा रिमी कुमारी सुसाइड केस में पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने रिमी के प्रेमी रोबिन कुमार से कई दौर की पूछताछ, घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और जरूरी सबूत जुटाने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस बीच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पुलिस की जांच को एक निश्चित दिशा मिलती दिख रही है।
हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर उस गुरुवार की दोपहर ऐसा क्या हुआ, जिससे बात इतनी बिगड़ गई कि रिमी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रशिक्षु डीएसपी सह मुफ्फसिल थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने रोबिन से पूछताछ और हॉस्टल के स्टाफ व सहपाठियों से मिले बयानों के आधार पर पूरी कड़ियाँ जोड़ी हैं।
घटना की सुबह बेहद सामान्य थी रिमी
21 मई (गुरुवार) की सुबह रिमी के लिए बिल्कुल आम दिनों जैसी थी। एक दिन पहले ही यानी बुधवार को वह बेतिया से अपनी परीक्षा देकर लौटी थी। सुबह सोकर उठने के बाद वह हॉस्टल के कैंटीन में नाश्ता करने नीचे आई। वहाँ उसने अपने दोस्तों से बात की और बताया कि उसका पेपर बहुत अच्छा गया है। दोस्तों के मुताबिक, रिमी थोड़ी शांत जरूर थी, लेकिन बातचीत के दौरान वह किसी भी तरह के तनाव या डिप्रेशन में नहीं दिख रही थी। नाश्ता खत्म करने के बाद वह अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया।
‘बाद में बात करेंगे‘ कहना पड़ गया भारी
पूछताछ में रोबिन ने बताया कि वह खुद भी 5वें सेमेस्टर का छात्र है और उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। एग्जाम के दबाव के कारण दोनों पिछले तीन दिनों से मिल नहीं पाए थे। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे रिमी ने रोबिन को फोन किया। वह बेतिया आने-जाने की थकान और अपने पेपर के बारे में बात करना चाहती थी। लेकिन रोबिन उस वक्त अपने अगले पेपर की तैयारी में व्यस्त था। पढ़ाई में ध्यान लगाने की वजह से उसने रिमी से कहा, “बाद में बात करते हैं” और फोन काट दिया। यही इनकार इस घटना का टर्निंग पॉइंट बन गया।
व्हाट्सएप पर आया फंदा और ‘गुड बाय‘ का मैसेज
रोबिन के मुताबिक, फोन काटने के महज 5 मिनट बाद ही उसके व्हाट्सएप पर रिमी का एक वीडियो मैसेज आया। जब उसने वीडियो खोला तो उसके होश उड़ गए। वीडियो में रिमी ने दुपट्टे से पंखे पर एक फंदा बनाया हुआ था और साथ में ‘गुड बाय’ लिखा था। घबराकर रोबिन ने तुरंत रिमी को वीडियो कॉल किया। रिमी ने कॉल तो उठाई, लेकिन कैमरे में उसका चेहरा नहीं बल्कि सिर्फ छत दिखाई दे रही थी। रोबिन के बार-बार पूछने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया।
दरवाजा टूटने तक खत्म हो चुकी थी कहानी
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए रोबिन ने तुरंत रिमी के पड़ोस वाले कमरे में रहने वाली एक छात्रा को फोन किया और उसे भागकर रिमी के कमरे में जाने को कहा। वह छात्रा अन्य छात्रों और एक मिस्त्री को लेकर वहां पहुंची। जब तक उन लोगों ने मिलकर कमरे का दरवाजा तोड़ा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रिमी फंदे पर झूल चुकी थी।
कॉलेज कैंटीन से शुरू हुई थी लव स्टोरी
रोबिन और रिमी की मुलाकात साल 2023 में कॉलेज में एडमिशन के तुरंत बाद कैंटीन में हुई थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान दोस्ती और फिर फोन पर लंबी बातचीत में बदल गई। साल 2025 से दोनों एक गंभीर रिलेशनशिप में थे और अपने भविष्य की प्लानिंग कर रहे थे। दोनों साथ में काम करने का सपना देख रहे थे। अभी महज 10 दिन पहले ही वे दोनों अपने माता-पिता को बिना बताए दिल्ली भी घूमकर आए थे।
रोबिन ने बताया कि उनके बीच अक्सर छोटी-मोटी नोकझोंक होती रहती थी, जिसमें वे एक-दूसरे का नंबर ब्लॉक कर देते थे, लेकिन फिर किसी दूसरे नंबर से बात शुरू हो जाती थी। रोबिन को इस बात का गहरा पछतावा है कि अगर उसे अंदाजा होता कि ‘बाद में बात करेंगे’ कहने का इतना खौफनाक अंजाम होगा, तो वह कभी फोन नहीं काटता।
मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी रिमी
मूल रूप से मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी चौक की रहने वाली रिमी कुमारी मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 21 मई को हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने जब रिमी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और चैट खंगाली, तो रोबिन का सुराग मिला। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि इस बीच 24 मई को रोबिन खुद मुफ्फसिल थाने पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
ये भी पढ़ें – बाबा राम रहीम 16वीं बार पैरोल पर बाहर, सुनारिया जेल से सिरसा डेरा पहुंचे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









