Tulsi Gabbard : अमेरिका की नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फैसले के पीछे उनके पति अब्राहम की गंभीर स्वास्थ्य समस्या को वजह बताया जा रहा है. तुलसी गबार्ड ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की.
अपने पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनके पति अब्राहम एक दुर्लभ बोन कैंसर से जूझ रहे हैं, उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उनके परिवार को कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा, इसलिए उन्होंने सार्वजनिक जीवन से पीछे हटने का निर्णय लिया है ताकि वह अपने पति के साथ रह सकें और उनकी देखभाल कर सकें.
तुलसी गबार्ड ने पति के समर्थन को किया याद
तुलसी गबार्ड ने अपने संदेश में लिखा कि शादी के 11 वर्षों के दौरान अब्राहम हर मुश्किल वक्त में उनके साथ मजबूती से खड़े रहे, उन्होंने पूर्वी अफ्रीका में सैन्य तैनाती, राजनीतिक अभियानों और नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान लगातार उनका समर्थन किया.
30 जून को प्रशासन से अलग होंगी तुलसी गबार्ड
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर तुलसी गबार्ड के काम की सराहना की, उन्होंने कहा कि 30 जून को तुलसी प्रशासन से अलग हो जाएंगी. ट्रंप ने लिखा कि अब्राहम को हाल ही में हड्डी के दुर्लभ कैंसर का पता चला है और इस कठिन समय में तुलसी का अपने पति के साथ रहना पूरी तरह सही फैसला है.
तुलसी गबार्ड ने राष्ट्रपति ट्रंप का जताया आभार
तुलसी गबार्ड ने राष्ट्रपति ट्रंप का आभार भी जताया और कहा कि नई टीम को जिम्मेदारियों का हस्तांतरण बिना किसी परेशानी के पूरा किया जाएगा. बता दें कि फरवरी 2025 में राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद उन्हें अमेरिका की आठवीं नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर नियुक्त किया गया था.
ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









