Punjab News : ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के चार महीने पूरे होने पर पंजाब पुलिस ने अभियान की शुरुआत से अब तक राज्यभर में 77,895 स्थानों पर छापेमारी कर गैंगस्टरों और उनसे जुड़े अपराधियों सहित 30,721 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है.
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई एक निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं.
पुलिस अभियान में 1108 भगोड़े अपराधी गिरफ्तार
स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीन सिन्हा ने बताया कि पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के कब्जे से 569 हथियार, 1,613 जिंदा कारतूस, 157 मैगजीन, 181 तेजधार हथियार और सात हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं.
उन्होंने कहा कि इसके अलावा 13,007 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 17,711 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान 1,108 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है.
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील
अभियान के 120वें दिन पुलिस टीमों ने 557 स्थानों पर छापेमारी कर 246 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई और 10 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को गिरफ्तार किया गया.
विशेष डीजीपी ने कहा कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान उसी जोश के साथ जारी रहेगा. लोग,एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में सूचना दे सकते हैं. इसके अलावा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी जानकारी भी साझा की जा सकती है.
नशों के खिलाफ अभियान तेज
इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 445वें दिन भी अभियान जारी रखते हुए 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 14.8 किलोग्राम हेरोइन, 12 किलोग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन), 873 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 2,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. इसके साथ ही पिछले 445 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 64,844 हो गई है. नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने 16 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया.
ये भी पढ़ें- Sasaram Train Fire : सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









