
UP News : उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में एक बेहद दर्दनाक और आक्रोशित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के नगला बिलौटिया गांव में अनुसूचित जाति (SC) के 20 वर्षीय बीएससी छात्र अतिन कुमार ने अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि शनिवार को कुछ युवकों ने अतिन की जाति पूछकर उसकी बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मौके से मिले सुसाइड नोट में छात्र ने लाइब्रेरी में हुए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का साफ तौर पर जिक्र किया है।
शव उठाने को लेकर ढाई घंटे तक हंगामा
अतिन की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इंसाफ की मांग को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया और करीब ढाई घंटे तक शव को उठने नहीं दिया। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
मृतक के पिता अजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने (दुष्प्रेरण) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपियों, लाइब्रेरी संचालक अतुल सिकेरा, ध्रुव यादव और ऋतिक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
लाइब्रेरी से ले जाकर की थी बेरहमी से पिटाई
अतिन नौशहरा के ओम डिग्री कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह अपनी पढ़ाई को लेकर गंभीर था और रोज शाम को परतापुर चौराहे के पास स्थित ‘आरएम लाइब्रेरी’ में पढ़ने जाता था। शनिवार शाम करीब 4 बजे भी वह लाइब्रेरी गया था।
परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद कुछ युवकों ने अतिन पर एक युवती को परेशान करने का झूठा आरोप मढ़ा। इसके बाद आरोपी उसे राष्ट्रीय विद्यालय के पास ले गए, जहाँ उसकी जाति पूछी गई और फिर उसे बेरहमी से पीटा गया। वारदात के बाद अतिन का दोस्त हर्षित उसे घायल हालत में घर छोड़कर गया था। अगले दिन रविवार सुबह कमरे में उसका शव मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, अतिन के शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी एक उंगली भी टूटी हुई थी।
इकलौता सहारा था अतिन
मृतक अतिन के माता-पिता (सुनीता देवी और अजय कुमार) दोनों दिव्यांग हैं। अतिन उनका इकलौता बेटा और पूरे घर का सहारा था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, जिसके चलते अतिन पढ़ाई के साथ-साथ एक परचून की दुकान चलाकर पूरे घर का खर्च उठाता था।
अवैध निर्माण और लाइब्रेरी की वैधता की जांच शुरू
पिता अजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि आरएम लाइब्रेरी के संचालक अतुल सिकेरा ने न सिर्फ अतिन को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया, बल्कि ध्रुव यादव और उसके साथियों से उसे बुरी तरह पिटवाया।
पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जिस परिसर में यह लाइब्रेरी चल रही थी, उसके ऊपरी हिस्से में ‘एएस लग्जरी इन’ नाम का एक होटल है, जिसे हाल ही में विकास प्राधिकरण ने सीज किया था। पुलिस अब इस बात के दस्तावेज खंगाल रही है कि क्या यह लाइब्रेरी वैध रूप से संचालित हो रही थी या नहीं।
पुलिस का बयान
“पीड़ित पिता की तहरीर पर दो नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









