Aviation Security Law UAE : बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक को विदेश में गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है. परिजनों के अनुसार, करीब 22 महीने पहले रोजगार की तलाश में दुबई गए एक युवक को वहां की अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है, जिससे परिवार गहरे सदमे में है.
जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के रफी इंदरवा गांव निवासी अमीरुल मियां का बेटा वसीम अकरम काम के सिलसिले में दुबई गया था और वहीं रहकर अपने परिवार की आर्थिक मदद भी कर रहा था.
अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच पोस्ट पर कार्रवाई
बताया जा रहा है कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने तनावपूर्ण माहौल के बीच युवक ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से एक उड़ते हुए विमान की तस्वीर खींच ली थी और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया था. इसी पोस्ट को लेकर उस पर कार्रवाई की गई .
सूत्रों के अनुसार, इसके बाद स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू हुई. बाद में अदालत ने इस घटना को सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए युवक को 10 साल की कैद की सजा सुनाई.
प्रशासन ने केंद्र सरकार को भेजी रिपोर्ट
इस घटना की जानकारी जब परिवार को मिली तो घर में मातम जैसा माहौल बन गया. परिजनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात की और बेटे की सुरक्षित वापसी की अपील की है.
उधर, जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी रिपोर्ट केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भेज दी है. साथ ही युवक की स्वदेश वापसी और कानूनी सहायता के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने की सिफारिश भी की गई है.
ये भी पढ़ें- नोएडा बनेगा हाईटेक सुरक्षा हब, सेफ सिटी प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी, 147 स्थानों पर इमरजेंसी पैनिक बटन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









