मौसम

देशभर में मौसम का बदलेगा मिजाज, कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

Weather Update : देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार, 15 मई को राजधानी में हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे. दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि राहत ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं है, क्योंकि 16 मई के बाद फिर से गर्मी का असर तेज होने की चेतावनी दी गई है और आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी संभव है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां धीरे-धीरे बन रही हैं. अनुमान है कि 16 मई के आसपास अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून की शुरुआती दस्तक देखने को मिल सकती है. वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश और राजस्थान में गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि रात और सुबह के समय भी गर्मी से खास राहत नहीं मिल पा रही, जबकि दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान नजर आ रही हैं.

इंदौर समेत कई शहरों में रातें गर्म

मध्य प्रदेश के इंदौर में लगातार दूसरे दिन रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है. भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम और रतलाम जैसे शहरों में भी रातें सामान्य से अधिक गर्म बनी हुई हैं. मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास और गुना के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां गर्म हवाओं और लू का असर देखने को मिल सकता है.

फलोदी में पारा 46 डिग्री के करीब

राजस्थान में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है. फलोदी में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया. कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं ने दस्तक जरूर दी, लेकिन इससे गर्मी के तेवर कम नहीं हुए। आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में लू और तेज गर्मी बने रहने की संभावना जताई गई है.

वही, उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

कई जगह भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है.

पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और ओडिशा में 15 मई से मौसम बदलने के संकेत हैं, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बरसात का दौर जारी रह सकता है.

कई राज्यों में तेज हवाओं की संभावना

वहीं पश्चिमी भारत में गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी 15 मई को बारिश की संभावना जताई गई है. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 15 से 17 मई के बीच बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- Keralam New CM : वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए मुख्यमंत्री, जानें कैसा है सियासी सफर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button