Uttar Pradeshराज्य

दिल्ली में आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Weather Update : देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता हुआ नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 14 से 17 मई के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई ह. वहीं 11 से 15 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना व्यक्त की गई है.

दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले चार से पांच दिनों तक लू जैसी स्थिति बनी रहने का अनुमान है. इन्हीं मौसम परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि, आंधी और बारिश के चलते अगले 24 घंटों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है.

बादल और हल्की बारिश

वहीं, हम दिल्ली की बात करें तो यहां आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. पिछले 24 घंटों में राजधानी के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया, जबकि न्यूनतम तापमान में लगभग 1 से 2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहा. साथ ही 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं भी चलीं.

तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान

आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट और इसके बाद 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 मई को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तूफानी मौसम देखने को मिल सकता है. दिल्ली-एनसीआर में आज के लिए भी येलो अलर्ट जारी है, जिसमें बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है.

तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी

आज सोमवार (11 मई) को दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन की शुरुआत हल्के बादलों और कुछ धूप के साथ हो सकती है, जबकि सुबह या दोपहर से पहले कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश भी संभव है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

सावधानी और सुरक्षा सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी गई है, क्योंकि आंधी और बिजली गिरने से खतरे की संभावना बनी रहती है. बिजली चमकने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रूप से बंद करने की भी सलाह दी गई है. वहीं किसानों को अपनी फसल और उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए कहा गया है.

ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button