Punjab News : आम आदमी पार्टी ने पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को एक फर्जी केस में गिरफ्तार करने को पंजाब के लोगों के भरोसे, विकास और भविष्य के साथ धोखा बताया. साथ ही, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत अन्य नेताओं ने इस संकट की घड़ी में भी संजीव अरोड़ा के अडिग रहने और भाजपा में शामिल नहीं होने के फैसले की जमकर तारीफ की है. अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि किसी भी इंसान का चरित्र मुसीबत के समय पता चलता है. संजीव अरोड़ा ने भाजपा में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया. संजीव अरोड़ा की हिम्मत को सलाम है.
‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि संजीव अरोड़ा एक ऐसे नेता हैं जो न सिर्फ ईमानदार और मेहनती हैं, बल्कि पंजाब के लिए उनके पास एक स्पष्ट विजन, गहरी समझ और बदलाव का जुनून भी है. मंत्री बनने के बाद उन्होंने पंजाब में औद्योगिक निवेश लाने के लिए जिस गंभीरता और गति से काम किया, उसकी आज हर तरफ चर्चा है. पंजाब के किसी भी उद्यमी से पूछ लीजिए- शायद ही कोई ऐसा मिले जो संजीव अरोड़ा की औद्योगिक नीति और उनके काम करने के तरीके की तारीफ न करता हो.
शहरों को आधुनिक बनाने का काम जारी
मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने शहरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम शुरू किया. स्ट्रीट लाइट से शहरों को रोशन करने, सड़कों और गलियों में फैले बिजली के तारों के जाल को व्यवस्थित करने और आधुनिक अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने की दिशा में लगातार काम किया. हाल ही में गांवों और खेतों में फैले नंगे बिजली के तारों को अंडर ग्राउंड करने की मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी भी संजीव अरोड़ा ही पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ निभा रहे थे.
मेहनती नेताओं को फंसाना पंजाब के साथ धोखा
मनीष सिसोदिया ने कहा कि ऐसे मेहनती, परिणाम देने वाले और विजनरी नेता को जब भाजपा झूठे मामलों में गिरफ्तार करती है, तो यह मामला सिर्फ एक नेता को परेशान करने का नहीं रह जाता बल्कि यह पंजाब की जनता के भरोसे, पंजाब के विकास और पंजाब के भविष्य के साथ धोखा बन जाता है और पंजाबी अपने साथ तो क्या किसी दूसरे के साथ धोखा करने वाले को भी सबक सिखाना जानते हैं.
ये भी पढ़ें- परमाणु नीति पर बढ़ा तनाव, अमेरिका-ईरान आमने-सामने, NPT पद को लेकर विवाद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









