Punjabराज्य

पंजाब में नहरी पानी का बड़ा विस्तार, 89 हजार एकड़ तक पहुंचेगी सिंचाई सुविधा

Punjab News : पंजाब के सिंचाई ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत रोपड़ नहरी नेटवर्क का पानी अब अंतिम छोर वाले गांवों तक भी पहुंच गया है. यह उन किसानों के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो रहा है, जो लंबे समय से अनिश्चित भूजल पर निर्भर थे. नहरी नेटवर्क के पुनर्जीवन से अब खेतों तक नियमित पानी पहुंच रहा है, जिससे खेती को मजबूती मिली है और किसानों में नई उम्मीद जगी है.

पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि वर्ष 2025-26 में रोपड़ नहरी नेटवर्क के तहत सिंचित क्षेत्र 29,488 एकड़ से बढ़कर 85,447 एकड़ हो गया है. इसके साथ ही 3,882 एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र को भी सिंचाई के दायरे में शामिल किया जा रहा है, जिससे कुल सिंचित क्षेत्र बढ़कर 89,329 एकड़ तक पहुंच जाएगा. इस 200% वृद्धि को पंजाब में सिंचाई सुधारों की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है.

पंजाब में नहरी पानी के उपयोग को बढ़ाने पर जोर

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के समय पंजाब में नहरी पानी का उपयोग केवल 26.5% था. राज्य में लगातार गिरते भूजल स्तर और बढ़ती जल संकट की चुनौती को देखते हुए मान सरकार ने टिकाऊ जल प्रबंधन को प्राथमिकता दी. इसी सोच के तहत वर्षों से उपेक्षित पड़ी नहरों, डिस्ट्रिब्यूटरीज और खालों का बड़े पैमाने पर सफाई, मरम्मत और पुनर्जीवन का कार्य शुरू किया गया.

किसानों तक पहुंचा नहरी पानी

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के अब स्पष्ट और सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुहिम के तहत राज्य पहले ही अपने लक्ष्य का लगभग 78% कार्य पूरा कर चुका है. इसका मुख्य उद्देश्य धान की बुवाई के मौसम में प्रत्येक किसान तक नहरी पानी पहुंचाना और भूजल पर निर्भरता को कम करना है. लुधियाना और मालेरकोटला क्षेत्र के गांव रुड़का, पंडोरी, जंगपुरा, ढट्ट, ढलेर कलां, नुथूहैड़ी, मनखेड़ी, सुल्तानपुर, बुढ्ढण, भदरावां, बड़ूंदी, राशिन, तुंगाहेड़ी, कंगनवाल सहित कई गांवों में लगभग 40 वर्षों बाद खेतों तक नहरी पानी पहुंचा है. दशकों तक सूखे पड़े खालों और बंद पड़ी सिंचाई प्रणालियों के दोबारा चालू होने से किसानों को बड़ी राहत मिली है. किसानों का कहना है कि अब उन्हें खेती के लिए महंगे ट्यूबवेल और बिजली पर पहले की तुलना में कम निर्भर रहना पड़ेगा.

लिफ्ट सिंचाई योजनाओं का पुनर्जीवन और विस्तार

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस परिवर्तन का एक प्रमुख कारण लिफ्ट सिंचाई योजनाओं का पुनर्जीवन और विस्तार है। समलाह, पहाड़पुर, लाखेड़ और मिधवां जैसे गांवों में स्टोरेज टैंक और अन्य आवश्यक ढांचा तैयार किया गया है, जिससे पहले असिंचित रहे क्षेत्रों तक भी पानी पहुंचाया जा रहा है. श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र में भी लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के माध्यम से अतिरिक्त 3,882 एकड़ भूमि को सिंचाई के दायरे में लाने का कार्य जारी है.

एक दशक से बंद पड़ी सिंचाई प्रणालियों की बहाली

उन्होंने बताया कि एक अन्य बड़ी उपलब्धि उन लिफ्ट सिंचाई प्रणालियों की बहाली है, जो एक दशक से अधिक समय से बंद पड़ी थीं. मान सरकार और किसानों के संयुक्त प्रयासों से पुरानी पाइपलाइन, पंप और कंट्रोल पैनल की मरम्मत एवं बदलाव किया गया है तथा पंप हाउसिज़ को दोबारा चालू किया गया है. किसानों ने भी खेत स्तर के ढांचे को आधुनिक बनाकर इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

1,539 एकड़ अतिरिक्त भूमि सिंचाई के तहत आई

इन प्रयासों के परिणामस्वरूप रोपड़ ज़िले की नंगल तहसील में लगभग 1,539 एकड़ अतिरिक्त भूमि को सिंचाई के तहत लाया गया है. नहरी पानी के दीर्घकालिक लाभों को देखते हुए किसानों ने जल वितरण के बेहतर और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने में भी रुचि दिखाई है. इससे पानी की बचत के साथ-साथ फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सुधार की संभावना बढ़ी है.

टिकाऊ कृषि व्यवस्था की दिशा में मज़बूत कदम

इन पहलकदमियों का प्रभाव केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है बल्कि यह पंजाब में टिकाऊ कृषि व्यवस्था की दिशा में एक मज़बूत कदम है. इससे भूजल पर निर्भरता कम होगी, कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. अंतिम छोर तक नहरी पानी पहुंचाकर पंजाब सरकार न केवल सिंचाई ढांचे को पुनर्जीवित कर रही है बल्कि किसानों का विश्वास भी बहाल कर रही है.

बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि यह पहल पंजाब के किसानों और नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित, समृद्ध और टिकाऊ बनाने की दूरदर्शी सोच के अनुरूप है. साथ ही यह राज्य के सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन पानी के संरक्षण को सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक अहम कदम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- Sanjeev Arora Arrested : पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, दिल्ली मुख्यालय लेकर जाएगी ED

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button