Airline Incident : पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद हालात को लेकर तनाव और विरोध की स्थिति बनी हुई है, और इसका असर अब सार्वजनिक जगहों के साथ-साथ यात्रा के दौरान भी देखा जाने लगा है. इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें फ्लाइट के अंदर नारेबाजी का आरोप लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार, महुआ मोइत्रा ने अपने दिल्ली सफर के दौरान एक विमान के भीतर “जय श्रीराम” के नारे लगाए जाने का वीडियो साझा किया है. उनका कहना है कि यह वीडियो उनके दिल्ली यात्रा के समय का है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, उन्होंने इस घटना को लेकर एयरलाइन से शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है.
फ्लाइट यात्रा और घटना का विवरण
महुआ मोइत्रा ने बताया कि वह एक आधिकारिक कार्य के लिए दिल्ली जा रही थीं और रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था, उन्होंने कहा कि वह 6E 719 फ्लाइट में सीट 1F पर बैठी थीं, तभी 4 से 6 लोगों का एक समूह विमान में सवार हुआ और उन्हें घूरने के बाद पीछे की ओर चला गया. उनके अनुसार, यह घटना विमान के उतरने और दरवाजे खुलने से पहले हुई और इसका वीडियो भी बनाया गया.
एयरलाइन और मंत्रालय से कार्रवाई की मांग
सांसद ने इसे सामान्य प्रतिक्रिया नहीं बल्कि उत्पीड़न और सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया है, उन्होंने इंडिगो से क्रू रिपोर्ट की जांच करने, संबंधित यात्रियों की पहचान करने और उन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की मांग की है. साथ ही उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री से भी इस मामले में हस्तक्षेप की अपील की है.
सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायत पर प्रतिक्रिया
एक अन्य संदेश में महुआ मोइत्रा ने कहा कि यह घटना राजनीतिक संस्कृति से जुड़ी है और उन्होंने इसे नजरअंदाज करते हुए अपनी बैठक में हिस्सा लिया था. उनके अनुसार बाद में उन्हें वीडियो भेजा गया जो वायरल किया जा रहा था, जिसके बाद उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, उन्होंने यह भी कहा कि एयरलाइन ने औपचारिक शिकायत की आवश्यकता बताई, जिसे उन्होंने भेज दिया है और अब कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









