Haryana News : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित ‘सशक्त नारी, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र’ विषयक सेमिनार में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की भूमिका पर विचार करने के लिए सभी एकत्रित हुए हैं और यह समय समाज व राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को और मजबूत करने का है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय संसद में महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने के प्रयास हुए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बहन-बेटियों को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में पहल की, उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प है.
नारी सम्मान को बताया राष्ट्र उत्थान का आधार
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के चार स्तंभ-गरीब, किसान, महिला और युवा निर्धारित किए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी सम्मान केवल सामाजिक मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्र उत्थान का आधार है.
उन्होंने कहा कि महिलाओं का योगदान खेती-बाड़ी, पशुपालन और घरेलू उद्योगों में प्राचीन काल से रहा है तथा आज भी वे हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं, उन्होंने महिलाओं की वीरता और आधुनिक समय में शिक्षा, स्टार्टअप और विज्ञान के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया.
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बढ़ेगी भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 में शुरू हुए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के बाद महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की गईं, उन्होंने बताया कि हाल ही में संसद के विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित विधेयक लाया गया, जिसका उद्देश्य संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में शामिल करना है.
लोकसभा व निकायों में बढ़ी महिला भागीदारी
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या समय के साथ बढ़ी है तथा हरियाणा में अब तक 99 महिलाएं विधायक चुनी गई हैं. स्थानीय निकाय चुनावों में भी महिलाओं की भागीदारी लगभग 44 प्रतिशत तक पहुंच गई है.
ये भी पढ़ें- गर्मी में गन्ने का जूस कितना सुरक्षित? एक्सपर्ट ने बताए फायदे और खतरे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








