Barq Statement : पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद अब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान और विपक्ष की प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं. इसी क्रम में संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि बीजेपी की जीत से किसी को डर नहीं है, लेकिन चुनावी प्रक्रिया को लेकर चिंताएं जरूर हैं, उन्होंने कहा, “हमें किसी से डर नहीं है, अगर डर होगा तो चुनाव का कोई मतलब नहीं रह जाएगा. लेकिन चिंता इस बात की है कि एसआईआर के नाम पर वोट काटे जाते हैं, लोगों के साथ पक्षपात होता है और उन्हें गलत मामलों में फंसाया जाता है.”
बंगाल में सांप्रदायिक ताकतों का डर
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जहां-जहां बीजेपी की सरकार है, वहां इस तरह की शिकायतें सामने आती हैं. बर्क ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में लोगों को इस बात का एहसास रहा होगा कि अगर बीजेपी की सरकार बनती है तो सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा मिल सकता है, जो न राज्य के लिए अच्छा है और न ही देश के लिए, उन्होंने कहा कि जिन लोगों को बीजेपी से उम्मीदें थीं, उन्हें समय के साथ स्थिति का अंदाजा हो जाएगा.
जनता ने विभाजनकारी राजनीति को नकारा
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में जीत के बाद विपक्ष पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि जनता ने महिला विरोधी, विभाजनकारी और टकराव की राजनीति को खारिज कर दिया है, उन्होंने कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और डीएमके की हार के लिए महिला आरक्षण के विरोध को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि इन दलों ने केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचने नहीं दिया.
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल की जनता ने डर, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को समाप्त कर दिया है. उनके अनुसार, अब राज्य में विकास, विश्वास और नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ने का दौर शुरू होगा, उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं को रोजगार देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









