Uttar Pradeshबड़ी ख़बर

‘गंगा एक्सप्रेस-वे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा’,  हरदोई में उद्घाटन के बाद बोले पीएम मोदी

PM Modi in Hardoi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के यूपी दौरे पर हैं. पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन फिर हरदोई में 594 km लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। लगभग ₹36,230 करोड़ की कुल लागत से बने गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय अभी के 10-12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे होने की उम्मीद है।

‘एक्सप्रेस वे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस वे का ये वरदान ये भी मां गंगा का ही आशीर्वाद है। अब आप कुछ ही घंटों में संगम भी पहुंच सकते हैं, और काशी में बाबा के दर्शन करके भी वापस आ सकते हैं। जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश और इस देश की जीवन रेखा रही है वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता ये एक्सप्रेस वे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा.

‘मैं यूपी के करोड़ों लोगों को गंगा एक्सप्रेस-वे की बधाई देता हूं’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले 4-5 दिनों में मां गंगा के सानिध्य में ही रहा हूं। 24 अप्रैल को मैं जब बंगाल में था मां गंगा के दर्शन किए थे और फिर कल मैं काशी में था आज सुबह बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला और अब मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेस वे के लोकार्पण का अवसर मिला है। मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के भी दर्शन होते हैं। मैं यूपी के करोड़ों लोगों को गंगा एक्सप्रेस-वे की बधाई देता हूं।”

‘बंगाल में इस बार लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।”

‘4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था। अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत… इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं। 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिका और पंचायत भाजपा ने जीत ली हैं। मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “एक ओर गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण पूरा हुआ है तो साथ ही इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। जल्द ही गंगा एक्सप्रेस वे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था, वही उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। यूपी के पास असीम क्षमता है, देश की इतनी बड़ी युवा आबादी का पोटेंशियल यूपी के पास है, इस ताकत का इस्तेमाल हम यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए कर रहे हैं।”

ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, जानिए कितना देना होगा टोल टैक्स, 12 जिलों को होगा फायदा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button