Punjab

पंजाब सरकार द्वारा विधवा और निराश्रित महिलाओं के लिए 102 करोड़ रुपये से अधिक राशि जारी- डॉ. बलजीत कौर

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य की विधवा और निराश्रित महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और आत्मसम्मान को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के मार्च माह के लिए 102 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है।

वित्तीय सहायता हजारों महिलाओं के लिए सहारा

इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार जन-कल्याणकारी और परिणामोन्मुख प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता हजारों महिलाओं के लिए सहारा बन रही है, जिससे वे अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करते हुए आत्मविश्वास के साथ जीवन व्यतीत कर पा रही हैं।

1200 करोड़ रुपये से अधिक का बजट

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य की 6,83,004 विधवा और निराश्रित महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है और उन्हें हर महीने वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। डॉ. बलजीत कौर ने आगे बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान पात्र लाभार्थियों को निरंतर पेंशन मिलती रहे, इसके लिए पंजाब सरकार द्वारा 1200 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है, जो महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कम वार्षिक आय वाली महिलाएं हैं पात्र

उन्होंने बताया कि 58 वर्ष से कम आयु की विधवा और निराश्रित महिलाएं, 30 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाएं तथा 60,000 रुपये या इससे कम वार्षिक आय वाली महिलाएं इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं।

हर पात्र महिला को मिले वित्तीय सहायता

डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि पंजाब सरकार राज्य की महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर पात्र महिला को समय पर वित्तीय सहायता मिले। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में भी मदद मिल रही है।

ये भी पढ़ें- पंजाब में बेअदबी विरोधी बिल को राज्यपाल की मंजूरी- कुलतार सिंह संधवां

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button