Bhagwan Rama : रामनवमी के मौके पर देशभर में भगवान राम की पूजा हो रही है। भारत में भगवान राम के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, लेकिन राजस्थान के सिरोही जिले के माउंट आबू में स्थित रघुनाथ मंदिर अपनी अलग पहचान रखता है।
इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यहां भगवान राम अकेले विराजमान हैं। आमतौर पर मंदिरों में राम के साथ माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की मूर्तियां होती हैं, लेकिन यहां सिर्फ भगवान राम की ही पूजा की जाती है।
संत रामानंद ने करवाया था मंदिर का निर्माण
नक्की झील के किनारे बना यह प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां दर्शन करने आते हैं। बताया जाता है कि इस मंदिर का निर्माण 14वीं शताब्दी में संत रामानंद ने करवाया था। मंदिर की बनावट किले जैसी दिखाई देती है और इसकी दीवारों व छतों पर सुंदर नक्काशी की गई है, जो मेवाड़ की कला को दर्शाती है।
पूर्व दिशा की ओर है मुख
मंदिर में स्थापित भगवान राम की मूर्ति करीब साढ़े तीन फीट ऊंची है और उनका मुख पूर्व दिशा की ओर है। यहां भगवान राम बाल रूप में विराजमान हैं। मान्यता है कि यह स्थान उनके गुरु वशिष्ठ से जुड़ा हुआ है, जिनका आश्रम भी माउंट आबू में ही स्थित है।
प्रसाद के रूप में लेते हैं जल प्रसाद
मंदिर से थोड़ी दूरी पर जंगल में एक प्राचीन कुंड है, जिसे राम कुंड कहा जाता है। कहा जाता है कि भगवान राम ने शिक्षा पूरी करने के बाद इसी कुंड में स्नान किया था। इसलिए यह स्थान भक्तों के लिए बहुत पवित्र माना जाता है। यहां आने वाले श्रद्धालु कुंड का जल प्रसाद के रूप में लेते हैं और मानते हैं कि इससे कई बीमारियों से राहत मिलती है।
ये भी पढ़ें- Gujarat Politics : भाजपा के दमन के खिलाफ ‘‘आप’’ के साथ पूरा गुजरात करने जा रहा बदलाव- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









