Haryana UK CETA : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा-यूके व्यापार सेतु कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा के लिए वैश्विक अवसरों को बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया. मुख्यमंत्री ने यूनाइटेड किंगडम से आए ब्रिटिश हाई कमीशन के प्रतिनिधियों, विदेश मित्रों और साझेदारों का हरियाणा की पावन और कर्म प्रधान धरती पर स्वागत किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हजारों हरियाणवी परिवारों सहित लाखों प्रवासी भारतीयों ने यूनाइटेड किंगडम के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब भारत और यूके के संबंधों के भी 100 वर्ष पूरे होंगे.
60 वर्ष पूरे होने पर होगा बड़ा आयोजन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी 1 नवंबर को हरियाणा अपनी स्थापना के साथ गौरवशाली 60 वर्ष पूरे करने जा रहा है. इस ऐतिहासिक अवसर पर अगले वर्ष हरियाणा वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2027 का आयोजन किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन 5 से 7 अप्रैल 2027 तक आयोजित होगा. इसके प्रचार-प्रसार के लिए देश के प्रमुख शहरों के साथ-साथ विश्व के 9 प्रमुख आर्थिक केंद्रों में रोड शो किए जाएंगे. इनमें जापान, दक्षिण कोरिया, दावोस, जर्मनी, यूके, ब्राजील, चिली और दुबई शामिल होंगे.
निवेश और रोजगार बढ़ाने का रखा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि 23 और 24 अगस्त को मुंबई से हरियाणा वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय संपर्क अभियान की शुरुआत की गई थी. मुंबई में 17 कंपनियों के साथ 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के समझौते हुए, उन्होंने कहा कि हरियाणा का लक्ष्य वर्ष 2030-31 तक 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश लाना और 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में 10 क्षेत्र विशेष नीतियां लागू की गई हैं. इन नीतियों के शुभारंभ के पहले दिन ही 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये के 110 समझौते हुए.
हरियाणा-यूके समझौते को बताया महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने का दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाया है. भारत-यूके समझौता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक समझौते से हरियाणा के कपड़ा, जूते, रत्न, आभूषण और इंजीनियरिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों को यूके के बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2019 में लागू की गई पहली सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग नीति के बाद राज्य में 15 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों का औपचारिक पंजीकरण हुआ है, उन्होंने कहा कि विदेश सहयोग विभाग हरियाणा में व्यापार विस्तार में सहयोग करेगा. मुख्यमंत्री ने सभी विकास साझेदारों को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 2026 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









