Odisha Hospital Fire : ओडिशा के कटक शहर में SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर ICU में देर रात भीषण आग लग गई. यह घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुई, जब अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर इमरजेंसी विभाग में अचानक आग भड़क उठी. अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई. इनमें से कुछ की ICU में दम घुटने से मौत हुई, जबकि कुछ मरीजों ने दूसरे वार्ड में शिफ्ट किए जाने के दौरान दम तोड़ दिया. 5 मरीजों की हालत अभी भी बेहद गंभीर बताई जा रही है.
अस्पताल स्टाफ के कुछ सदस्यों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी संख्या अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है.
आग बुझाने के लिए तेजी से प्रयास किए गए
बता दें कि आग लगते ही अस्पताल स्टाफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. अस्पताल के आंतरिक फायर विभाग ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर हालात संभाले, जबकि बाहर से तीन फायर टेंडर भी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंच गए. आग बुझाने के लिए तेजी से प्रयास किए गए, लेकिन घने धुएं और आग के कारण कई मरीज प्रभावित हो गए. ICU में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर निकाला गया और जिनकी हालत ज्यादा नाजुक थी, उन्हें अस्पताल के न्यू मेडिसिन ICU में शिफ्ट किया गया.
25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
हादसे के बाद स्वास्थ्य सचिव, कटक के जिला कलेक्टर और DCP तुरंत मौके पर पहुंच गए. मोहन चरण माझी भी अस्पताल पहुंचे और न्यू मेडिसिन बिल्डिंग में जाकर पीड़ितों से मुलाकात की तथा स्थिति का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
एक बड़ी त्रासदी बनकर सामने आई
यह SCB मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में आई यह घटना एक बड़ी त्रासदी बनकर सामने आई है. लोग अस्पतालों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रहे हैं. हादसे की जांच शुरू हो गई है कि आग कैसे लगी और क्या इसमें किसी की लापरवाही हुई.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनावों का ऐलान, 4 मई को आएगा रिजल्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









