
Weather Update : देशभर में समय से पहले ही गर्मी का एहसास होने लगा है। पहले के मुताबिक, इस बार मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। दिन के समय गर्मी के असर के साथ-साथ रात का तापमान भी अधिक रहने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने खासकर राजस्थान, विदर्भ और गुजरात के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, देश के आठ राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
उत्तर और पश्चिम भारत में बढ़ता तापमान
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिनों तक जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 5–7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 मार्च तक तापमान 4–6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है।
पश्चिमी हिमालय में बारिश और ओलावृष्टि
वहीं, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 15 मार्च तक छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 10 से 12 मार्च के बीच गरज, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है। जम्मू-कश्मीर में 10 और 11 मार्च को भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 15 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के 11, 12, 14 और 15 मार्च को छिटपुट गरज, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में बारिश का अनुमान
10 से 13 मार्च के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 9 और 10 मार्च को गंगा मैदानी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है। बिहार और झारखंड में 10 और 11 मार्च के बीच गरज और बारिश का अनुमान है।
दक्षिणी राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 9 से 15 मार्च के बीच, और केरल तथा माहे में 10 मार्च को गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में गर्मी का असर
दिल्ली में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर दिखने लगा है। आज शहर में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। अधिकतम तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले चार दिनों में तापमान में 2–3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। फिलहाल रात का तापमान सामान्य दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें – रायसेन में रमजान के दौरान ईरान के समर्थन में नारेबाजी, वीडियो वायरल होने के बाद चार युवक गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









