Love Murder : प्यार और भरोसा शुरू हुई एक कहानी आखिरकार ऐसी खौफनाक साजिश में बदल गई, जिसने मुंगेर से लेकर पूर्णिया तक लोगों को झकझोर कर रख दिया है. करीब 40 दिनों से लापता युवती की तलाश जब खत्म हुई, तो सामने आया ऐसा सच, जिसे सुनकर हर किसी की रूह कांप जाए. नर्स बनने का सपना देख रही स्नेहा कुमारी की उसके ही प्रेमी ने हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को श्मशान घाट में जला दिया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया है, लेकिन स्नेहा की मां की आंखों में आज भी इंसाफ की आस और इंतजार साफ झलक रहा है.
स्नेहा कुमारी बीते 17 जनवरी से लापता थी
बता दें कि ये पूरा मामला मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र का है. सफियासराय की रहने वाली स्नेहा कुमारी बीते 17 जनवरी से लापता थी. स्नेहा घर वालों से बोल के गई कि भागलपुर GNM की ट्रेनिंग के लिए जा रही है, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी. 18 जनवरी को आखिरी बार मां से बात हुई और उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. पुलिस ने जब खोजबीन शुरू की तो शक की सुई पूर्णिया के बरहरा कोठी निवासी नीरज कुमार यादव पर जाकर टिकी. पहले तो नीरज ने अनजान बनने की कोशिश कि, लेकिन जब पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि 17 जनवरी से गायब होने तक दोनों के बीच 198 बार बात हुई थी. 17 से 20 जनवरी तक दोनों की लोकेशन भी एक ही जगह पाई गई. इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने नीरज को हिरासत में लिया.
शव को पूर्णिया के श्मशान घाट में जला दिया
जब धीरे-धीरे जांच आगे बड़ी तो पता चला कि स्नेहा की हत्या कर उसके शव को पूर्णिया के श्मशान घाट में जला दिया गया है. श्मशान के डोम ने भी मृतका की पहचान की है. स्नेहा की मां का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या सिर्फ धोखे के लिए नहीं बल्कि अंग तस्करी के लिए की गई. मां का कहना है कि मेरी बेटी की किडनी निकाल ली गई है. उसकी गला दबाकर हत्या की गई और सबूत छुपाने के लिए उसे जला दिया गया. हम प्रशासन से मांग करते हैं कि नीरज को ऐसी सजा मिले कि किसी और की बेटी के साथ ऐसा न हो.
स्नेहा कुमारी नीरज से प्यार करती थी
वहीं, मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि स्नेहा कुमारी नीरज से प्यार करती थी, जबकि उसकी शादी किसी और से तय थी. शादी का दबाव बनाने के लिए स्नेहा पूर्णिया गई, जहां नीरज ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. नीरज के पड़ोसी ने स्नेहा की पहचान की और पुलिस ने नीरज से पूछताछ कर उसे गिरफ्तार किया. एसपी ने कहा, आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी.
ये भी पढ़ें- Delhi Excise Policy : केजरीवाल कट्टर ईमानदार, मोदी-शाह ने रचा षड्यंत्र, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









