Ajit Pawar Plane Crash Suspicion : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर साजिश की आशंका जताई जा रही है. परिजनों ने पिछले महीने हुए विमान हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग की थी. अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने गृह मंत्री अमित शाह से इस हादसे की CBI से जांच कराने का अनुरोध किया है. इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई थी.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र से एक दिन पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “राज्य में सत्तारुढ़ महायुति सरकार यह पक्का करेगी कि विमान हादसे के बारे में सभी शक दूर हो जाएं.” उन्होंने कल रविवार को कहा, “मुझे NCP (बीजेपी की सहयोगी) की ओर से पत्र मिला है जिसमें विमान हादसे की CBI से जांच कराने की मांग की गई है और मैंने गृह मंत्री अमित शाह से बात की है. DGCA और राज्य CID की जांच के साथ-साथ CBI भी जांच करेगी.”
रोहित पवार ने जांच की मांग की
बता दें कि पिछले महीने 28 जनवरी को पुणे जिले में बारामती के पास लैंडिंग के दौरान एक चार्टर्ड प्लेन हादसे का शिकार हो गया, जिसमें अजित पवार और उसमें सवार 4 अन्य लोगों की मौत हो गई. अजित के भतीजे और NCP (SP) नेता रोहित पवार ने भी इस हादसे के पीछे के हालात और आशंका को लेकर कई तरह के आरोप लगाए हैं. वह लगातार जांच कराने की मांग कर रहे हैं.
रोहित पवार ने PM मोदी को लिखा पत्र
21 फरवरी यानी शनिवार को रोहित पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू घटना की जांच पूरी होने तक इस्तीफा दें. पत्र में उन्होंने Learjet 45 विमान निर्माता कंपनी VSR की भूमिका पर भी सवाल उठाए और नायडू के कथित संबंधों की जांच की मांग की.
जांच रिपोर्ट का इंतजार जरूरी
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) VSR कंपनी का ऑडिट कर रही है और उसकी सभी लॉगबुक की जांच की जा रही है, उन्होंने कहा, “हमें जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा और किसी तरह की कयासबाजी से बचना चाहिए. कुछ आशंकाएं हो सकती हैं, जिन्हें सही अथॉरिटी को भेजना होगा. हम जांच का नियमित फ़ॉलो-अप लेते रहेंगे. DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है.”
फडणवीस-पवार ने CBI जांच पर भरोसा जताया
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे की जांच को सभी राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि वह खुद कई बार VSR विमान में सफर कर चुके हैं. वहीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, जो एकनाथ शिंदे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थीं, ने कहा, “हमने विमान हादसे की CBI जांच का अनुरोध किया है और मुख्यमंत्री ने पूरी जांच कराने का भरोसा दिलाया है.”
विपक्ष ने चाय पार्टी का किया बहिष्कार
राज्य के बजट सत्र से एक दिन पहले महा विकास अघाड़ी (MVA) की बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर निशाना साधा. बैठक में शरद पवार की अगुवाई वाली NCP के कई नेता शामिल नहीं हुए. बैठक में अजित पवार के विमान हादसे और अन्य मुद्दों पर जोरदार बहस होने की संभावना थी. इसके अलावा विपक्ष ने फडणवीस की पारंपरिक चाय पार्टी का भी बॉयकॉट किया.
ये भी पढ़ें- Ration Card : मोदी सरकार का बड़ा फैसला, राशन की जगह अब सीधे अकाउंट में आएंगे पैसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








