Biharराज्यवायरल

60 वर्षीय स्कूल संचालक ने 28 वर्षीय टीचर से धर्म और उम्र की परंपरा को पार करते हुए नेपाल में शादी की

Love Marriage News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने उम्र, धर्म और समाज की परंपराओं को चुनौती दे दी है. प्राइवेट स्कूल के 60 वर्षीय संचालक राकेश शाह ने अपनी ही स्कूल में पढ़ाने वाली 28 वर्षीय टीचर शाइस्ता परवीन के साथ घर से भागकर नेपाल में शादी कर ली. इस अनोखी जोड़ी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वहीं, शाइस्ता के परिवार ने राकेश पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है.

मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के औराई में प्राइवेट स्कूल संचालित करने वाले राकेश शाह और उसी स्कूल में शिक्षक शाइस्ता परवीन के बीच समय के साथ करीबी बढ़ी और प्यार का रिश्ता जन्म लिया. 18 फरवरी को अचानक दोनों लापता हो गए. खबरों के मुताबिक, उन्होंने नेपाल जाकर एक मंदिर में भगवान को साक्षी मानते हुए एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और शादी की.

शाइस्ता परवीन ने जताई खुशी और संतोष

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शाइस्ता परवीन काफी खुश दिखाई दे रही है. शाइस्ता ने स्पष्ट किया है कि यह शादी उन्होंने अपनी इच्छा से की है और वह अपनी नई जिंदगी से पूरी तरह संतुष्ट हैं, उन्होंने अनुरोध किया है कि उनके पति राकेश शाह के परिवार को किसी तरह की परेशानी न दी जाए. शाइस्ता ने यह भी साफ कहा कि उन्हें किसी ने जबरदस्ती या अगवा नहीं किया.

शाइस्ता के भाई ने दर्ज कराई FIR

वहीं, शाइस्ता परवीन के भाई ने औराई थाने में गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. उनके अनुसार, राकेश शाह, जो कि चार बच्चों के पिता हैं, ने उनकी बहन को शादी और धर्म परिवर्तन की नीयत से अगवा किया है. पुलिस को दी गई शिकायत में राकेश की पत्नी और बेटी समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया है.

आपको बता दें कि ये मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा है, इसलिए इलाके में तनावपूर्ण जैसी स्थिति बनी हुई है. स्कूल संचालक के घर और स्कूल पर फिलहाल ताला लटका हुआ है. औराई थानाध्यक्ष राजा सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है. एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें – अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश, यौन शोषण से जुड़ा है मामला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button