
Bihar News : राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर हमला बोला है। सीएम के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राहिणी ने कहा कि उन्हें मर्यादा लांघने की आदत बन चुकी है। ऐसा एक बार नहीं बल्कि कई बार हुआ है जब मुख्यमंत्री ने महिलाओं के संदर्भ में अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है।
दरअसल, रोहिणी आचार्य का ये बयान तब आया जब विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी पर कार्रवाई की बात कर दी। जिसके बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लालू यादव की बेटी ने कहा कि मुख्यमंत्री को संसदीय भाषाई मर्यादा लांघने और सदन व सार्वजनिक मंचों से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की आदत बन चुकी है। खासकर महिलाओं के लिए।
मानसिक, वैचारिक कुंठा से ग्रस्त सीएम – रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने अपने बयान में कहा कि जब तर्क और तथ्य कमजोर पड़ जाते हैं, तब व्यक्ति भाषा की सीमाएं लांघकर अपनी खीज और वैचारिक खोखलेपन को उजागर करता है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के पिछले कुछ वर्षों के बयानों और वक्तव्यों को देखने से यह स्पष्ट होता है कि वे महिलाओं के प्रति मानसिक और वैचारिक कुंठा से ग्रस्त हैं। रोहिणी के अनुसार, महिला सम्मान को लेकर कही जाने वाली बातें केवल राजनीतिक और चुनावी दिखावा हैं।
तेजस्वी यादव को ऐसे चुप कराए नीतीश कुमार
बता दें कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान तीन दिन पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच में बोलने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बच्चा हो, चुप रहो जैसी बातें कहकर टोका था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद यादव का भी जिक्र किया था। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया।
राबड़ी देवी पर नाराज हुए सीएम
वहीं सोमवार को विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सामना पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से हुआ। राबड़ी देवी द्वारा शोर मचाने पर मुख्यमंत्री इस कदर नाराज हो गए कि उन्होंने हंगामा करने वालों पर कार्रवाई की बात कह दी। इसके बाद राजद के विधान पार्षदों ने सदन में और अधिक हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कार्यवाही प्रभावित हुई।
ये भी पढ़ें – दलित नेताओं पर कांग्रेस के भद्दे बयानों के खिलाफ आम आदमी पार्टी का चंडीगढ़ में हल्ला बोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









