Punjab News : पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने नए साल की पहली बैठक पटियाला में अधिकारियों के साथ करते हुए स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 में राज्य सरकार नए वर्क कल्चर के साथ काम करेगी, जिसमें समयबद्ध कार्रवाई और परिणाम आधारित शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
भीतर प्रस्ताव तैयार कर बजट को अंतिम रूप
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि शहरों में सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे कार्यों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव तैयार कर बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा और तीन महीने के भीतर ठोस परिणाम जनता के सामने होंगे। इन कार्यों की निगरानी जिला स्तर पर डिप्टी कमिश्नर, नगर निगम कमिश्नर, सिविल सर्जन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।
एसपी ट्रैफिक को बनाया गया नोडल अधिकारी
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी पंजाब पुलिस पेट्रोल बोर्ड की चेयरपर्सन रीना गुप्ता के नेतृत्व में तय की गई है और एसपी ट्रैफिक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। भास्कर रोड, टवाना चौक, नए बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख जाम वाले क्षेत्रों के लिए शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म समाधान तैयार किए जा रहे हैं।
बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत
स्वास्थ्य मंत्री ने बड़ी नदी–छोटी नदी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार से लंबित सभी मंजूरियां प्राप्त कर ली गई हैं। पटियाला में बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत के लिए पानी की क्षमता को मानक से 25 प्रतिशत अधिक रखा गया है। परियोजना के तहत एक ओर तीन लेन की सड़क बनेगी, जबकि दूसरी ओर पार्क, वॉकिंग ट्रैक, साइक्लिंग ट्रैक और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बीच में एक सुंदर आइलैंड पार्क भी बनाया जाएगा।
बिजली, पानी, चारा और बेहतर दूध जैसी सभी सुविधाएं
डॉ. बलबीर सिंह ने शहर में चल रही डेयरियों को स्थानांतरित करने की योजना पर कहा कि इससे सीवरेज की समस्या दूर होगी। डेयरी संचालकों को नई जगह पर बिजली, पानी, चारा और बेहतर दूध दर जैसी सभी सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के भीतर डेयरियां नहीं रहने दी जाएंगी।
10 लाख रुपए तक का हेल्थ इंश्योरेंस
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के “रंगला पंजाब” मिशन और अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही यूनिवर्सल हेल्थ कवर योजना के तहत हर नागरिक को 10 लाख रुपए तक का हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड दिया जाएगा, ताकि किसी को बीमारी के कारण कर्ज में न डूबना पड़े। इस योजना को 15 जनवरी को पटियाला से लॉन्च करने की तैयारी है।
अकाली तख्त साहिब से जुड़े प्रश्न पर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह दो बड़ी संस्थाओं- मुख्यमंत्री और अकाल तख्त-का विषय है, और इस पर अंतिम प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री स्वयं देंगे।
सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने हाल की हत्याओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पंजाब को ड्रग्स, गैंगस्टरवाद और नार्को-टेररिज्म का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है और अपराधी चाहे कहीं भी छिपे हों, उन्हें पकड़कर सख्त सजा दी जाएगी।
युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान
उन्होंने कहा कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत अब तक हजारों युवाओं का इलाज कर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया है। अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है, जिसमें नशा तस्करों के साथ-साथ गैंगस्टरों का भी सफाया किया जाएगा।
नशे में फंसे युवाओं को इलाज
डॉ. बलबीर सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को गलत रास्ते से दूर रखें। “नशा, गैंगस्टरवाद और आतंक का रास्ता जीवन को बहुत जल्दी खत्म कर देता है। हमारा लक्ष्य नशे में फंसे युवाओं को इलाज देकर उन्हें काबिल और कमाऊ नागरिक बनाना है,” उन्होंने कहा।
ये भी पढ़ें- Sarpanch Elections : तरनतारन और गुरदासपुर में सरपंच-पंच के चुनाव, राज्य चुनाव आयोग ने किया ऐलान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









