Punjab

CM भगवंत मान ने वैशाखी के पावन पर्व पर पंजाबियों को दी बधाई, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में टेका मत्था

Patiala : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को देश-विदेश में बसे समस्त पंजाबियों को पंजाब, पंजाबीयत और विविधता में एकता के प्रतीक ‘खालसा पंथ के साजना दिवस’ और ‘वैशाखी’ के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में नतमस्तक होकर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की पूर्ण नम्रता और समर्पण भाव से सेवा करने के लिए ईश्वर से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में अरदास करते हुए जाति, रंग, नस्ल और धर्म से ऊपर उठकर सभी नागरिकों की सेवा करने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई ताकि एक सौहार्दपूर्ण समाज की स्थापना की जा सके।

सीएम मान ने वाहे गुरु का किया धन्यवाद

भगवंत सिंह मान ने वाहे गुरु का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें पंजाब की जनता की आकांक्षाओं को पूरी ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ पूरा करने की सेवा का अवसर मिला है, जो उनके लिए एक सौभाग्य है।

वैशाखी के इस शुभ दिन पर मुख्यमंत्री ने राज्य में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने दुनिया भर में बसे पंजाबियों को बधाई देते हुए उन्हें इस पर्व की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि 1699 में इस पवित्र दिन दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी ने विभिन्न क्षेत्रों और धर्मों से संबंध रखने वाले ‘पंज प्यारे’ को अमृत पान करवाकर पवित्र आनंदपुर साहिब में ‘खालसा पंथ’ की स्थापना की थी।

दशम गुरु ने जात-पात रहित समाज की नींव रखी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशम गुरु ने जात-पात रहित समाज की नींव रखी और मानवता के लिए प्रेम, करुणा, शाश्वत शांति और भाईचारे का संदेश दिया।

भगवंत मान ने आगे कहा कि यह पर्व रबी की फसलों के पकने और कटाई की शुरुआत को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व पंजाब और यहां के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह फसल कटाई और भंडारण के समय की शुरुआत का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से की अपील

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक पर्व को पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ सामूहिक रूप से मनाएं ताकि हमारे देश की धर्मनिरपेक्ष सामाजिक संरचना को और अधिक मजबूती मिल सके।

ये भी पढ़ें : आगरा में करणी सेना की रक्त स्वाभिमान रैली शुरू, शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button