
उत्तर प्रदेश के जिले मुजफ्फरनगर में इन दिनों सोशल मीडिया पर दू्ल्हे द्वारा कुछ लोगों पर गोली चलाते हुए एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। मामला बसीकलां गांव का हैं जहां डीजे बजाने को लेकर दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया है। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। जिसमें एक 50 वर्षीय व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा, जहां आज उसकी मौंत हो गई है। विवाद के बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों को पुलिस हिरासत में ले लिया है।
क्या था पूरा मामला
दरअसल मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकलां गांव का है। जहां इस्तेकार का निकाह गांव के ही अफजाल की बेटी के साथ तय हुआ था। रविवार को गांव के पास स्थित एक बैंकट हॉल में बारात आनी थी। लेकिन शनिवार की रात दूल्हे पक्ष के घर डीजे बज रहा था। जिसमे दुल्हन और दूल्हे पक्ष के लोग नाच रहे थे। उसी दौरान डीजे पर किसी बात को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। उस समय तो मामला किसी तरह शांत हो गया था, लेकिन अगले दिन रविवार को जब बारात जानी थी। उस दिन फिर से दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर पथरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान दूल्हे इस्तेकार ने अपने घर की छत से दुल्हन पक्ष के लोगों पर सीधा गोली चला दी जिसमे गोली लगने से दुल्हन पक्ष की तरफ से एक 50 वर्षीय व्यक्ति जफर घायल हो गया था।
जिसके बाद घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुँची और किसी तरह मामले को शांत कराया। जिसके बाद घायल जफर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ से घायल की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया था जहां इलाज के दौरान आज उसकी मृत्यु हो गई।
थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव ने बताया कि छत पर चढ़कर फायरिंग करने की एक वीडियो वायरल हुई है। फायरिंग करने वाला युवक दूल्हा इस्तकार है, जो फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। गांव में पुलिस तैनात की है। अभी तहरीर नहीं आई है। पहचान के लिए दोनों पक्षों के रिश्तेदारों की वीडियो, नाम पत नोट किए जा रहे है।