Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित संजय वन वाटिका पशु संरक्षण केंद्र में शुक्रवार-शनिवार की रात एक दुखद घटना घटी. जानकारी के अनुसार, जंगल से आए 4 से 5 आवारा कुत्तों ने सेंचुरी बाड़े में बंद हिरणों पर हमला कर दिया, जिसमें 15 हिरणों की मौत हो गई.
इस हमले में 14 हिरण घटनास्थल पर ही मृत पाए गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया. मृत हिरणों में चीतल, काकड़ और चार सींग वाला दुर्लभ मृग भी शामिल था, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई.
हिरणों की मौत आवारा कुत्तों के हमले से
सरगुजा के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर अभिषेक जोगावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हिरणों की मौत आवारा कुत्तों के काटने से हुई बताई गई है. मृतकों का नियम के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया.
इस मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा और तीन वनरक्षक – ममता पोर्ते, प्रतिमा लकड़ा और बिंदु सिंह को निलंबित कर दिया गया है. इसके अलावा अंबिकापुर के फॉरेस्ट रेंजर अक्षपालक ऋषि को नोटिस जारी कर 5 दिन में जवाब देने के आदेश दिए गए हैं.
दोषियों की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. अंबिकापुर के सब-डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर की अगुवाई में जांच टीम बनाई गई है, जो जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करेगी. बता दें कि संजय वन वाटिका आम लोगों के लिए खुला संरक्षित क्षेत्र है. इस घटना ने स्थानीय जनता और वन्यजीव प्रेमियों में चिंता बढ़ा दी है और अब लोगों की मांग है कि वन्यजीव सुरक्षा को और मजबूत किया जाए.
ये भी पढ़ें- शादी के बाद खुला राज, SDM दामाद पर नपुंसकता छुपाने और बेटी को ब्लैकमेल करने का आरोप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








