Punjab Pension Scheme : चंडीगढ़ में पंजाब सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन योजना को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक वृद्धावस्था पेंशन के लिए करीब 2,147 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं.
इस योजना का लाभ पंजाब के 24 लाख से अधिक बुजुर्ग नागरिकों को मिल रहा है. सरकार का कहना है कि पेंशन के समय पर भुगतान से बुजुर्गों को आर्थिक सहायता मिल रही है और वे अपनी दैनिक जरूरतों को सम्मान के साथ पूरा कर पा रहे हैं.
पेंशन के लिए ₹4,000 करोड़ तय
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 4,000 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है. उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है.
कोई पात्र बुजुर्ग पेंशन से वंचित नहीं रहेगा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ‘रंगला पंजाब’ की सोच का जिक्र करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा समाज बनाना है, जहां हर वर्ग को सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर मिल सके, उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा. सरकार पात्र लाभार्थियों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है.
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
कैबिनेट मंत्री ने जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि पेंशन आवेदनों के सत्यापन और मंजूरी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, उन्होंने कहा कि प्रशासनिक देरी या अनावश्यक परेशानियों के कारण किसी भी पात्र बुजुर्ग को योजना के लाभ से दूर नहीं रहना चाहिए.
डॉ. बलजीत कौर ने बुजुर्ग नागरिकों और उनके परिवारों से अपील की कि वे जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर योजना का लाभ लें. साथ ही उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं, शहरी निकायों और सामाजिक संगठनों से पात्र लाभार्थियों की पहचान और जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की.
ये भी पढ़ें- Spam Calls से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम, AI से होगी संदिग्ध नंबरों की पहचान, नंबर होंगे बंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








