Uttar Pradesh

बाढ़ के बीच योगी सरकार का राहत अभियान तेज, 6.83 लाख लंच पैकेट और 1.11 लाख राहत किट बांटी गईं

UP Flood : उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति के बीच योगी सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है. राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक प्रभावित इलाकों में प्रशासन की टीमें लगातार काम कर रही हैं. अब तक 6.83 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.11 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट जरूरतमंदों को वितरित की जा चुकी हैं. वहीं 19,496 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. प्रशासन के मुताबिक अब तक बाढ़ से जनहानि और पशुहानि शून्य है.

राहत एवं बचाव व्यवस्था के तहत प्रदेश में अब तक 1,634 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं. प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,072 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं. वहीं राहत कार्य में 2,161 नाव और मोटरबोट लगाई गई हैं.

सोमवार को ही 6,000 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. अब तक कुल 19,496 लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा चुका है. प्रभावित लोगों के लिए 1,315 शरणालय भी स्थापित किए गए हैं.

राहत सामग्री के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर

प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में भोजन और जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है. अब तक 1.11 लाख से अधिक राहत किट और 6.83 लाख से ज्यादा लंच पैकेट बांटे गए हैं. स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 6.68 लाख क्लोरीन टैबलेट और 2.60 लाख से अधिक ओआरएस पैकेट भी वितरित किए जा चुके हैं.

बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त मकानों को लेकर भी प्रशासन प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध करा रहा है. अब तक 1,490 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है. इनमें से 1,272 मामलों में सहायता दी जा चुकी है.

ये जिले बाढ़ से प्रभावित

बाढ़ से प्रभावित जिलों में अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button